इंडियन तिब्बत बॉर्डर पुलिस (ITBP) के स्थापना दिवस पर शनिवार (24 अक्टूबर) को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई नेताओं ने बधाई दी. पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “ITBP के स्थापना दिवस पर इसके सभी कर्मियों को बधाई.”
पीएम मोदी ने कहा कि ITBP के ‘हिमवीरों’ ने अपने असाधारण साहस से खुद को साबित किया है. उन्होंने हमेशा अद्भुत दृढ़ संकल्प के साथ हर चुनौती का सामना किया है. पीएम मोदी ने आगे कहा कि उनकी निस्वार्थ सेवा और उनका बलिदान देश के लिए प्रेरणा का एक बड़ा स्रोत है.
राजनाथ सिंह ने दी बधाई
ITBP के स्थापना दिवस पर पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी बधाई दी. उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि ITBP स्थापना दिवस पर मैं ITBP के सभी कर्मियों और उनके परिवारों को हार्दिक बधाई देता हूं. उन्होंने आगे लिखा कि ITBP के ‘हिमवीरों’ ने अत्यंत कठिन जलवायु परिस्थितियों में भारत की सीमाओं की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है.
रक्षा मंत्री ने कहा कि उन्होंने आंतरिक सुरक्षा अभियानों में भी अहम योगदान दिया है, जिसमें वामपंथी उग्रवाद से निपटने के प्रयास भी शामिल हैं. राजनाथ सिंह ने कहा कि उनका साहस, पेशेवर रवैया और कर्तव्य के प्रति अटूट समर्पण, राष्ट्र सेवा की सर्वोत्तम परंपराओं को दर्शाता है.
क्या बोले योगी आदित्यनाथ
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि भारत तिब्बत सीमा पुलिस के स्थापना दिवस पर आईटीबीपी के सभी हिमवीरों और उनके परिजनों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं. योगी ने कहा कि हमारे वीर जवान हिमालय की अत्यंत विषम परिस्थितियों और शून्य से नीचे के तापमान में भी अडिग रहते हुए देश की सीमाओं की रक्षा कर रहे हैं. उन्होंने आगे कहा कि जिस वीरता, पराक्रम एवं समर्पण से आप सीमाओं को सुरक्षित रखते हैं, वह हर भारत वासी को गर्व से भर देता है. जय हिंद.








