Search
Close this search box.

सुपौल में 12 घंटे में अपहरणकांड का खुलासा, मोहम्मद जीशान सकुशल बरामद, कई आरोपी हिरासत में

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सुपौल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने महज 12 घंटे के अंदर जीशान अपहरण कांड का खुलासा कर लिया है. अपहृत मोहम्मद जीशान को सुपौल पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है, जबकि अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. सुपौल SP सरथ आरएस ने भीमपुर थाना परिसर में देर रात प्रेस ब्रीफिंग कर यह जानकारी साझा की.

सुपौल SP सरथ आरएस ने बताया कि भीमपुर थाना क्षेत्र के बेलागंज में सोमवार की सुबह करीब साढ़े 10 बजे माधोपुर निवासी मोहम्मद जीशान खान का अपहरण किया गया था. घटना के बाद पुलिस की कई टीमों ने लगातार छापेमारी की और करीब 12 घंटे के अंदर अपहृत युवक मोहम्मद जीशान को सकुशल बरामद कर लिया. एसपी ने बताया कि अपहरण की घटना के बाद त्रिवेणीगंज SDPO के नेतृत्व में SIT गठित कर मामले की जांच शुरू की गई. चार-पांच अलग-अलग टीमों ने छापेमारी शुरू की.

वैज्ञानिक अनुसंधान और विभिन्न साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम को जानकारी मिली कि अपहरण की इस घटना में अररिया के नरपतगंज के कुछ अपराधियों की संलिप्तता है. इसके बाद सुपौल पुलिस, अररिया पुलिस और STF की संयुक्त टीम ने ताबड़तोड़ छापेमारी की. इस दौरान घटना में संलिप्त कई अपराधियों को हिरासत में लिया गया. जिस गाड़ी से अपहरण की घटना को अंजाम दिया गया था, उसका मूवमेंट फुलकाहा थाना क्षेत्र में होने की जानकारी मिली. इसके बाद पुलिस ने फुलकाहा थाना क्षेत्र में छापेमारी की, जहां बॉर्डर इलाके से अपहृत मोहम्मद जीशान को सकुशल बरामद कर लिया गया.

अपहरण की घटना को लेकर SP सरथ आरएस ने बताया कि अपहृत मोहम्मद जीशान और घटना को अंजाम देने वाले सभी अपराधी अवैध कारोबार में संलिप्त हैं. पैसों के लेन-देन को लेकर इन लोगों के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद मोहम्मद जीशान का अपहरण कर लिया गया. बताया गया है कि इस अपहरण कांड का मुख्य अभियुक्त नीरज कुमार है, जो अररिया जिले के नरपतगंज थाना क्षेत्र का निवासी बताया गया है. एसपी ने बताया कि अपहरण कांड में संलिप्त कुछ अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.

admin
Author: admin

और पढ़ें