Search
Close this search box.

मुंबई: लालबागचा राजा की लाइन में जेबकतरों का आतंक, 2 आरोपी गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गणेशोत्सव शुरू होते ही मुंबई के विश्वप्रसिद्ध लालबागचा राजा के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है. इसी भीड़ का फायदा उठाकर शातिर चोर और जेबकतरे भी सक्रिय हो गए हैं. 14 सितंबर को लालबाग इलाके में श्रद्धालुओं की दर्शन लाइन में चोरी की कई वारदातें सामने आईं.

इन मामलों में करीब 1 लाख 87 हजार 300 रुपये का कीमती सामान चोरी होने की बात सामने आई है. हालांकि, एक मामले में श्रद्धालु की सतर्कता और पुलिस की तत्परता से दो आरोपियों को पकड़ लिया गया.

महिला के गले से सोने की माला चोरी

पहला मामला लालबाग के डॉ. बीए रोड स्थित कुबल मसाला के पास दर्शन लाइन का है. लालबाग निवासी वर्षा विश्वनाथ फोपळे (67) सुबह करीब 10:15 बजे दर्शन के लिए लाइन में खड़ी थीं. करीब 11 बजे भीड़ के दौरान जब उन्होंने अपनी साड़ी ठीक की, तो उन्हें पता चला कि उनके गले से 10 ग्राम की सोने की माला, जिसकी कीमत करीब 70 हजार रुपये है, गायब हो चुकी है. काफी तलाश करने के बाद भी माला नहीं मिली. इसके बाद वर्षा अपनी नातिन कस्तूरी फोपले के साथ कालाचौकी पुलिस स्टेशन पहुंचीं.

 सामने आये कई चोरी के मामले

इसी दौरान सायन कोलीवाड़ा निवासी धनंजय विष्णु बालसराफ (49) भी पुलिस स्टेशन पहुंचे. उन्होंने पुलिस को बताया कि इसी दर्शन लाइन में अज्ञात चोर ने उनके गले से 13 ग्राम की सोने की चेन चोरी कर ली है, जिसकी कीमत करीब 90 हजार रुपये है.

इसी बीच दोपहर करीब 1:30 बजे एक और घटना सामने आई. मालाड में सिक्योरिटी गार्ड के तौर पर काम करने वाले माइकल बबलू नाडर (28) दर्शन के लिए लाइन में खड़े थे. इसी दौरान दो संदिग्धों ने उनकी जेब से करीब 25 हजार रुपये का मोबाइल फोन और 2,300 रुपये नकद चोरी कर लिए.

पकड़े गए दो चोर

माइकल को तुरंत अपनी जेब से सामान गायब होने का एहसास हुआ. उन्होंने शोर मचाते हुए ‘चोर-चोर’ चिल्लाना शुरू कर दिया. इसके बाद वहां मौजूद श्रद्धालुओं ने भाग रहे दोनों संदिग्धों का पीछा कर उन्हें पकड़ लिया. भीड़ ने दोनों की पिटाई भी की. इसी दौरान सादे कपड़ों में इलाके में गश्त कर रही कालाचौकी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को भीड़ से छुड़ाकर हिरासत में लिया.

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आरिफ सकसेनसिंह गुज्जर (24) और सोमनाथ समनसिंह राठौड़ (23) के रूप में हुई है. दोनों मध्य प्रदेश के इंदौर के रहने वाले बताए गए हैं.

पुलिस कर रही पूछताछ

पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वो अकेले काम कर रहे थे या उनके साथ चोरी करने वाला कोई बड़ा गिरोह भी सक्रिय है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि गणेशोत्सव के दौरान मुंबई में हुई अन्य चोरी की वारदातों से इनका कोई संबंध है या नहीं.

कालाचौकी पुलिस ने गणेश भक्तों से अपील की है कि लालबागचा राजा के दर्शन के दौरान भारी भीड़ को देखते हुए अपने गहने, मोबाइल फोन, वॉलेट और अन्य कीमती सामान का विशेष ध्यान रखें. दर्शन की लाइन में किसी भी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति पर नजर पड़ने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें.

admin
Author: admin

और पढ़ें