राजधानी दिल्ली में स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों को देखते हुए अस्पतालों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. मरीजों में बुखार, गले में खराश, खांसी और जुकाम जैसे लक्षण देखने को मिल रहे हैं. ऐसे में अस्पतालों में मरीजों की जांच और इलाज के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं.
दिल्ली के लोक नायक जय प्रकाश (LNJP) अस्पताल में इमरजेंसी आइसोलेशन वार्ड तैयार किया गया है. इस वार्ड में कुल 7 बेड हैं. इनमें 5 जनरल बेड और 2 वेंटिलेटर वाले बेड शामिल हैं. इसका उद्देश्य ऐसे मरीजों को तुरंत इलाज कराना है, जिनमें फ्लू के गंभीर लक्षण दिखाई देते हैं.
इमरजेंसी में पहले होगी मरीज की जांच
अस्पताल में आने वाले मरीज का सबसे पहले इमरजेंसी में चेकअप किया जाएगा. जरूरत के अनुसार उसके टेस्ट कराए जाएंगे. मरीज के लक्षण और बीमारी की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टर तय करेंगे कि उसे किस तरह के इलाज की जरूरत है. अगर मरीज की हालत गंभीर होती है तो उसे आइसोलेशन वार्ड या दूसरे जरूरी विभाग में शिफ्ट कर दिया जाएगा. LNJP अस्पताल में इसके अलावा करीब 70 बेड भी मौजूद हैं. इनमें जरूरत के अनुसार, गंभीर मरीजों के इलाज के लिए ICU बेड भी शामिल हैं.
डॉक्टर ने बताया- अस्पताल में पूरी तैयारी
अस्पताल के डॉक्टर के अनुसार, इन दिनों बुखार, गले में खराश, खांसी और जुकाम जैसे लक्षणों वाले मरीज अस्पताल पहुंच रहे हैं. मरीजों की जांच की जा रही है और जरूरत के अनुसार उनका इलाज किया जा रहा है. डॉक्टर ने कहा कि अस्पताल में मरीजों के इलाज के लिए पर्याप्त बेड और जरूरी सुविधाएं हैं. किसी भी गंभीर मरीज को समय पर इलाज देने के लिए व्यवस्था तैयार रखी गई है.
स्वाइन फ्लू से बचने के लिए क्या करें?
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, फ्लू से बचने के लिए साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखना जरूरी है. लोगों को नियमित रूप से हाथ धोने और अपने आसपास सफाई रखने की सलाह दी गई है. भीड़भाड़ वाली जगहों पर मास्क पहनना भी संक्रमण से बचाव में मदद कर सकता है. डॉक्टरों ने लोगों से हाथ मिलाने से बचने और अगर हाथ मिलाते हैं तो हाथों को अच्छी तरह साफ करने की सलाह दी है. सांस से जुड़ी स्वच्छता का ध्यान रखना भी जरूरी है.
दिल्ली सरकार ने जारी की हेल्थ एडवाइजरी
दिल्ली में बढ़ते मामलों के बीच दिल्ली सरकार ने लोगों के लिए हेल्थ एडवाइजरी भी जारी की है. इसमें लोगों से भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचने, सांस से जुड़ी स्वच्छता का ध्यान रखने और बीमारी के लक्षण दिखने पर समय पर डॉक्टर से सलाह लेने की अपील की गई है








