लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के जन्मदिन के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं. प्रधानमंत्री ने राहुल गांधी के अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु जीवन की कामना की. कांग्रेस नेता राहुल गांधी शुक्रवार को 56 वर्ष के हो गए. उनके जन्मदिन के मौके पर देशभर से राजनीतिक नेताओं, समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से उन्हें बधाइयां दी जा रही हैं.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए राहुल गांधी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं. प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संदेश में लिखा, “लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं. मैं उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबी आयु की प्रार्थना करता हूं.”
कांग्रेस ने राहुल गांधी को जन्मदिन पर दी बधाई
कांग्रेस पार्टी ने राहुल गांधी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनकी नेतृत्व क्षमता और सामाजिक मुद्दों पर उनकी आवाज की सराहना की है. कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि आज के दौर में, जब कई लोग अपनी बात कहने से बचते हैं, राहुल गांधी हमेशा उन मुद्दों पर खुलकर बोलते हैं जिन्हें वह सही मानते हैं. पार्टी ने कहा कि अन्याय, असमानता और सत्ता के दुरुपयोग के खिलाफ उनकी लगातार लड़ाई ने लाखों लोगों को प्रेरित किया है.
कांग्रेस ने अपने संदेश में कहा कि राहुल गांधी लोगों को यह भरोसा दिलाते हैं कि राजनीति केवल सत्ता हासिल करने का माध्यम नहीं है, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का एक मजबूत जरिया भी हो सकती है. पार्टी के मुताबिक, राहुल गांधी उस राजनीति का प्रतिनिधित्व करते हैं जो सिद्धांतों, संवेदनशीलता और करुणा पर आधारित है.
कांग्रेस ने यह भी कहा कि ईमानदारी, सहानुभूति और उम्मीद की तलाश कर रही युवा पीढ़ी, खासकर जेन-ज़ी (Gen Z), राहुल गांधी में अपनी आवाज देखती है. पार्टी के अनुसार राहुल गांधी ऐसे नेता हैं जो युवाओं की बात सुनते हैं, उन्हें समझते हैं और उनकी आकांक्षाओं को मजबूती से उठाते हैं. पोस्ट में कांग्रेस ने राहुल गांधी के लिए अच्छे स्वास्थ्य, शक्ति और खुशियों की कामना करते हुए कहा कि वे एक अधिक न्यायपूर्ण, संवेदनशील और बेहतर भारत के लिए लगातार काम करते रहें.
खरगे ने भी दी जन्मदिन की शुभकामनाएं
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी राहुल गांधी को जन्मदिन की बधाई दी. उन्होंने कहा कि संविधान के आदर्शों के प्रति राहुल गांधी की अटूट निष्ठा और आम लोगों की आवाज उठाने का उनका साहस लाखों लोगों को प्रेरित करता है. खरगे ने कहा कि कांग्रेस की समावेशी सोच, सामाजिक न्याय, सद्भाव और करुणा जैसे मूल्यों की झलक राहुल गांधी के सार्वजनिक जीवन और नेतृत्व में साफ दिखाई देती है.
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने हमेशा आम लोगों, गरीबों और समाज के कमजोर वर्गों के हितों की आवाज उठाई है और सत्ता के सामने सच बोलने का साहस दिखाया है. खरगे ने राहुल गांधी के अच्छे स्वास्थ्य, खुशी, शक्ति और देश सेवा के लिए लंबी उम्र की कामना की.








