भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने शनिवार को आयरलैंड से दो मैचों की टी20 सीरीज, इंग्लैंड से पांच मैचों की टी20 सीरीज और 2026 एशियन गेम्स के लिए टीम इंडिया का एलान किया. भारत की टी20 टीम में पांच बड़े बदलाव हुए हैं. सूर्यकुमार यादव की जगह श्रेयस अय्यर को भारतीय टीम का नया टी20 कप्तान नियुक्त किया गया है. वहीं 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को भी भारत की टी20 टीम में शामिल कर लिया गया है. भारत की टी20 टीम में कुल 5 बदलाव हुए हैं.
1- श्रेयस अय्यर कप्तान और तिलक उपकप्तान
आईपीएल में लगातार अपनी कप्तानी से प्रभावित करने वाले श्रेयस अय्यर को भारत की टी20 टीम की कप्तानी सौंप दी गई है. अय्यर को सूर्यकुमार यादव की जगह टी20 टीम का कप्तान बनाया गया है. वहीं, तिलक वर्मा को अक्षर पटेल की जगह नया उपकप्तान बनाया गया है. अक्षर पटेल टीम का हिस्सा हैं, लेकिन सूर्यकुमार यादव अब टीम से भी बाहर कर दिए गए हैं.
2- वैभव सूर्यवंशी को मिला मौका
15 साल की उम्र में अपनी तूफानी बल्लेबाजी से आईपीएल 2026 में धमाल मचाने वाले वैभव सूर्यवंशी को आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज, इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज और 2026 एशियन गेम्स के लिए टीम इंडिया में चुना गया है. वैभव का प्रदर्शन आईपीएल 2026 में कमाल का रहा. उन्होंने 16 मुकाबलों में 237 के स्ट्राइक रेट से 776 रन बनाए. वैभव ने ऑरेंज कैप अपने नाम की.
3- सूर्यकुमार यादव की छुट्टी
अपनी कप्तानी में भारत को 2026 टी20 विश्व कप का खिताब जिताने वाले सूर्यकुमार यादव की टी20 टीम से छुट्टी कर दी गई है. सूर्यकुमार को न तो आयरलैंड-इंग्लैंड सीरीज और न ही एशियन गेम्स के लिए चुनी गई टीम में जगह दी गई है. माना जा रहा है कि लगातार बल्ले से नाकामी सूर्यकुमार यादव के खिलाफ गई है.
4- प्रिंस यादव पर जताया गया भरोसा
आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स की ओर से खेलने वाले प्रिंस यादव को आयरलैंड और इंग्लैंड सीरीज के लिए टीम इंडिया में शामिल किया गया है. प्रिंस यादव ने आईपीएल में अपनी रफ्तार और शानदार लाइन एंड लेंथ से खासा प्रभावित किया था. यही वजह है कि वह सिलेक्टर्स का भरोसा जीतने में सफल रहे हैं.
5- हर्षित राणा की वापसी, बुमराह एशियन गेम्स में होंगे हिस्सा
तेज गेंदबाज हर्षित राणा को चोट से उबरने के बाद टी20 टीम में जगह दी गई है. इंजरी की वजह से हर्षित आईपीएल 2026 में खेलते हुए नजर नहीं आए थे. वहीं, जसप्रीत बुमराह को आयरलैंड-इंग्लैंड सीरीज के लिए आराम दिया गया है, जबकि वह एशियन गेम्स 2026 में भारतीय टीम का हिस्सा होंगे.







