कांग्रेस सांसद शशि थरूर के गनमैन और ड्राइवर पर हमले का मामला सामने आया है. यह घटना केरल के वंडूर इलाके में हुई, जहां पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है और बाकी आरोपियों की तलाश जारी है. पुलिस के अनुसार, यह घटना शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे चेलिथोडे इलाके में हुई. उस समय शशि थरूर एक चुनावी कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे.
PTI की रिपोर्ट के मुताबिक रास्ते में चेलिथोडे पुल के पास सड़क संकरी होने की वजह से जाम जैसी स्थिति बन गई थी. इसी दौरान दो गाड़ियों में सवार पांच लोगों ने थरूर के काफिले को रोक लिया. एफआईआर के मुताबिक, जब गनमैन रतीश के पी ने रास्ता साफ करने के लिए आगे खड़ी गाड़ी को हटाने को कहा, तो आरोपियों ने गनमैन और ड्राइवर पर हमला कर दिया.
पुलिस ने दर्ज केस
इस मामले में गनमैन की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है. पुलिस ने बताया कि एक आरोपी को देर रात हिरासत में लिया गया है, जबकि बाकी आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा. पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना के पीछे की वजह जानने की कोशिश कर रही है.
कांग्रेस नेता शशि थरूर का पोस्ट
मामले पर कांग्रेस नेता शशि थरूर ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि कल रात जब मेरे सिक्योरिटी गार्ड पर हमला हुआ तो उसके बारे में चिंता जताने वाले सभी मैसेज और कॉल्स से सच में बहुत अच्छा लगा. वह ठीक है और मुझे कोई नुकसान नहीं हुआ. सभी दोस्तों और शुभचिंतकों का धन्यवाद. हमने कल बिना डरे काम किया और प्लान के मुताबिक दो और इवेंट पूरे किए.









