Search
Close this search box.

राम जन्मभूमि परिसर में शुरू हुई नई व्यवस्था, 50 हजार श्रद्धालुओं के लिए बने आधुनिक लॉकर रूम

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

अयोध्या में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं के लिए बड़ी राहत की खबर है. जहां राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ने राम जन्मभूमि मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए आधुनिक लॉकर रूम की व्यवस्था शुरू कर दी है. बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या और भीड़ प्रबंधन की चुनौती के बीच परिसर में चार अलग-अलग स्थानों पर अत्याधुनिक लॉकर रूम का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है.

करीब 50 हजार श्रद्धालुओं के लिए लॉकर रूम की व्यवस्था

इस नई व्यवस्था के तहत अब एक साथ करीब 50 हजार श्रद्धालु अपने जूते-चप्पल, बैग और अन्य सामान सुरक्षित रूप से जमा कर सकेंगे. इससे पहले भारी भीड़ के कारण श्रद्धालुओं को अपने सामान की सुरक्षा और रखने को लेकर काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था.

राम मंदिर की नई सुविधा के तहत प्रत्येक लॉकर रूम में टोकन आधारित प्रणाली लागू की गई है, जिससे सामान जमा करने और वापस लेने की प्रक्रिया पारदर्शी और व्यवस्थित रहेगी. इसके साथ ही सभी स्थानों पर सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या सुरक्षा संबंधी समस्या न हो.

नई व्यवस्था भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए अहम कदम

परिसर में शू रैक का कार्य भी लगभग 90 प्रतिशत तक पूरा हो चुका है, जिससे दर्शनार्थियों को और अधिक सुविधा मिलेगी. प्राण प्रतिष्ठा के बाद से रोजाना बड़ी संख्या में श्रद्धालु रामलला के दर्शन के लिए अयोध्या पहुंच रहे हैं. ऐसे में यह नई व्यवस्था भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिहाज से बेहद अहम मानी जा रही है.

विश्व हिंदू परिषद के प्रांतीय मीडिया प्रभारी और राम मंदिर ट्रस्ट के सहयोगी शरद शर्मा ने बताया कि ट्रस्ट श्रद्धालुओं को बेहतर अनुभव देने के लिए लगातार सुविधाओं का विस्तार कर रहा है. उन्होंने कहा कि लॉकर सुविधा शुरू होने से श्रद्धालुओं को अपने जूते-चप्पल और बैग सुरक्षित रखने में बड़ी राहत मिलेगी और दर्शन व्यवस्था अधिक सुगम और व्यवस्थित होगी.

admin
Author: admin

और पढ़ें