पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दिल्ली पहुंचते ही केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि वह चाणक्यपुरी स्थित बंग भवन जा रही हैं, जहां बंगाल से आए लोगों से मिलेंगी और दिल्ली पुलिस द्वारा कथित तौर पर किए जा रहे अत्याचारों की जानकारी लेंगी. ममता ने आरोप लगाया कि बंगाल को जानबूझकर बदनाम किया जा रहा है और केंद्रीय एजेंसियां बीजेपी के इशारे पर काम कर रही हैं.
‘रेड कार्पेट बनाम ब्लैक कार्पेट’ का आरोप
ममता बनर्जी ने कहा कि जब केंद्रीय गृह मंत्री पश्चिम बंगाल आते हैं तो राज्य सरकार उनका रेड कार्पेट से स्वागत करती है, लेकिन जब बंगाल के लोग या जनप्रतिनिधि दिल्ली आते हैं तो उनके साथ ‘ब्लैक कार्पेट” जैसा व्यवहार किया जाता है. उन्होंने इसे अपमानजनक और पक्षपातपूर्ण बताया.









