केंद्र सरकार के विशेष बैठक बुलाए जाने के बाद परिसीमन विधेयक को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं. न्यूज एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक, जगन मोहन रेड्टी की YSR कांग्रेस पार्टी (YSRCP) की ओर से संकेत मिले हैं कि उनकी पार्टी विधेयक का समर्थन कर सकती है, हालांकि वाईएसआरसीपी ने इसके लिए कुछ शर्तों रखी हैं और इसके लिए क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व और संतुलन सुनिश्चित करने की बात कही है.
सोमवार से शुरू होगी लोकसभा की कार्यवाही
लोकसभा सचिवालय की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, 18वीं लोकसभा के आठवें सत्र का दूसरा चरण 30 नवंबर 2026, सोमवार से शुरू होगा. यह सत्र 3 दिसंबर यानी गुरुवात तक चलेगा. हालांकि, इसकी अवधि सरकारी कामकाज की आवश्यकताओं पर निर्भर करेगी. इस सत्र में महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयक को पेश किए जाने की संभावना है. जिसका उद्देश्य लोकसभा मौजूदा 545 सीटों को बढ़ाकर 850 करना है.
संसदीय कार्य मंत्री रिजिजू ने किया एलान
वहीं संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने भी इस संबंध में जानकारी साझा की. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट कर कहा कि केंद्र सरकार ने लोकसभा अध्यक्ष और राज्यसभा के सभापति से दोनों सदनों की कार्यवाही दोबारा शुरू कराने का अनुरोध किया है. इसके तहत लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और राज्यसभा की कार्यवाही 2 दिसंबर से शुरू करने का प्रस्ताव है. रिजिजू ने कहा कि संसद के दोनों सदनों का कामकाज 3 दिसंबर तक पूरा किए जाने की संभावना है. सरकार का उद्देश्य जरूरी विधायी और अन्य संसदीय कार्यों को निर्धारित समय में पूरा करना है.
850 तक हो सकती हैं लोकसभा सीटों की संख्या
लोकसभा की बैठक की खबरें सामने आने के बाद प्रस्तावित परिसीमन विधेयक को लेकर राजनीतिक चर्चाएं भी तेज हो गई हैं. इस विधेयक के तहत लोकसभा की कुल सीटों की संख्या बढ़ाकर 850 किए जाने का प्रस्ताव सामने आया है. हालांकि, सरकार की ओर से अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि दोबारा बुलाए जा रहे सत्र में इस विधेयक को पेश किया जाएगा या इस पर चर्चा होगी.
सत्र की घोषणा के बाद महिला आरक्षण और लोकसभा सीटों के नए सिरे से निर्धारण को लेकर भी कयास लगाए जा रहे हैं. विपक्षी और क्षेत्रीय दलों की नजर इस बात पर है कि प्रस्तावित बदलावों में राज्यों के बीच प्रतिनिधित्व का संतुलन किस तरह कायम रखा जाएगा.
क्षेत्रीय संतुलन पर YSRCP की नजर
वहीं YSR कांग्रेस पार्टी के रुख को इस पूरे मामले में अहम माना जा रहा है. पार्टी सूत्रों के मुताबिक, YSRCP परिसीमन विधेयक के समर्थन के लिए तैयार हो सकती है, लेकिन उसकी प्रमुख शर्त यह है कि नए परिसीमन में किसी भी क्षेत्र के राजनीतिक प्रतिनिधित्व के साथ असमानता न हो. फिलहाल सरकार की ओर से सत्र के एजेंडे को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है. ऐसे में 30 नवंबर से शुरू होने वाला संसद का संक्षिप्त सत्र परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े मुद्दों पर क्या रुख स्पष्ट करता है, इस पर सभी की नजर बनी हुई है.








