Search
Close this search box.

अमेरिका में फिर खून-खराबा: पेंसिल्वेनिया में अंधाधुंध फायरिंग में 9 की मौत; हमलावर ने भी खुद को उड़ाया

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

अमेरिका में गन वायलेंस का खूनी खेल थमने का नाम नहीं ले रहा है. पेंसिल्वेनिया के एरी शहर में शुक्रवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई. यहां एक अज्ञात हमलावर ने अंधाधुंध गोलियां बरसाकर बच्चों समेत 8 लोगों को मौत के घाट उतार दिया. इसके बाद खुद को भी गोली मार ली. पेंसिल्वेनिया के गवर्नर जोश शापिरो ने शनिवार को इस घटना की आधिकारिक पुष्टि की है.

NBC फिलाडेल्फिया की रिपोर्ट के मुताबिक 9 अक्टूबर को शाम करीब 5 बजे पुलिस को एरी शहर की पेरी स्ट्रीट पर गोलीबारी की सूचना मिली थी. चश्मदीदों ने बताया कि एक व्यक्ति ने घर के बाहर गोलियां चलाईं और फिर अंदर चला गया. मौके पर पहुंची पुलिस को सड़क पर दो महिलाओं के शव मिले.

रिपोर्ट के मुताबिक इनमें से एक महिला गर्भवती थी. इसके बाद पुलिस और खास कमांडो टीम (SWAT) ने घर को घेर लिया. इसी दौरान घर के अंदर से और गोलियां चलने की आवाजें सुनाई दीं. बाद में जब पुलिस घर के अंदर दाखिल हुई, तो वहां सात और लोगों के शव मिले. इनमें बच्चे भी शामिल थे. उन्हीं के बीच हमलावर की लाश भी मिली.

’28 साल में ऐसा खौफनाक मंजर नहीं देखा’

इस दिल दहलाने वाली घटना से पूरा शहर हैरान है. एरी शहर के पुलिस प्रमुख रिक लोराह ने कहा कि उन्होंने अपने 28 साल से ज्यादा लंबे करियर में इतनी बड़ी त्रासदी कभी नहीं देखी. उन्होंने कहा कि शहर ने पहले कभी एक साथ इतनी मौतें और इतनी तबाही नहीं झेली थी. इस दर्द को शब्दों में बयां करना नामुमकिन है.

हमले की वजह अब भी पहेली

पुलिस ने अभी तक आरोपी की पहचान सार्वजनिक नहीं की है. हमलावर का मृतकों से क्या रिश्ता था और उसने इस भयानक वारदात को क्यों अंजाम दिया, इसकी जांच चल रही है. वहीं, गवर्नर जोश शापिरो ने शहर की मेयर डारिया डेविलिन से फोन पर बात कर हर मुमकिन मदद का भरोसा दिया है.

अमेरिका में जारी है ‘गन कल्चर’ का कहर

दरअसल, अमेरिका में मास शूटिंग की घटनाएं लगातार सामने आई हैं. इस साल 24 सितंबर तक पूरे देश में 343 से ज्यादा मास शूटिंग की वारदातें दर्ज हो चुकी थीं, जिनमें 320 से अधिक बेकसूर लोग अपनी जान गंवा चुके हैं. पेंसिल्वेनिया की इस ताजा घटना ने एक बार फिर हथियार नियंत्रण कानूनों पर गंभीर बहस छेड़ दी है.

admin
Author: admin

और पढ़ें