पश्चिम बंगाल, पुडुचेरी और तमिलनाडु की 5 विधानसभा सीटों और असम की नागांव लोकसभा सीट पर बीते मंगलवार ( 6 अक्टूबर 2026) को उपचुनाव हुआ था. इस चुनाव को भाजपा-कांग्रेस, क्षेत्रीय दलों और मुख्यमंत्री विजय की TVK पार्टी के बीच कड़ी टक्कर के तौर पर देखा जा रहा है. वोटों के साथ ही सभी पार्टियों की किस्मत भी EVM में कैद हो गई थी.
उपचुनाव के लिए वोटों की गिनती शुक्रवार ( 9 अक्टूबर 2026) सुबह 8 बजे से शुरू हुई. काउंटिंग जारी रहने के साथ-साथ 5 विधानसभा क्षेत्रों और नागांव लोकसभा सीट के परिणाम घोषित किए जाएंगे. इलेक्शन कमीशन की ऑफिशियल वेबसाइट में वोटों की गिनती के लगातार अपडेट दिए जाते रहेंगे.
बंगाल में भाजपा का चलेगा सिक्का?
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुवेंदु अधिकारी ने विधानसभा चुनाव के बाद नंदीग्राम सीट खाली कर दी थी. उनकी पार्टी ने यहां शुवेंदु के PA चंद्रनाथ रथ की मां हसीरानी रथ को उम्मीदवार बनाया है. वहीं, आम जनता उन्नयन पार्टी (AJUP) के फाउंडर हुमायूं कबीर ने रेजीनगर सीट छोड़ दी थी, जिसके चलते यहां उपचुनाव किए गए. अब इस सीट से उनके बेटे गुलाम नबी आजाद मैदान में हैं. इसके अलावा यहां TMC, TMC के बागी गुट और कांग्रेस के बीच भी मुकाबला है.
तमिलनाडु में कांटे की टक्कर
तमिलनाडु की धारपुरम और मदुरंतकम सीट पर AIADMK छोड़ CM विजय की TVK में शामिल हुए विधायकों को चुनावी मैदान में उतारा गया है. चुनाव प्रचार के दौरान विजय ने अपने रोड शो में DMK पर महिलाओं के खिलाफ बयानबाजी करने का आरोप लगाया था. DMK ने भी अपने मजबूत उम्मीदवारों को इन सीटों पर उतारा है.
पुडुचेरी में NR कांग्रेस की चमकी किस्मत?
पुडुचेरी की थट्टांचवडी विधानसभा सीट पर भी उपचुनाव हुआ था. मुख्यमंत्री एन रंगासामी ने अपने पास मंगलाम सीट रखी थी, जिसके बाद से ही थट्टांचवडी विधानसभा सीट खाली है. थट्टांचवडी में सत्ताधारी गठबंधन और एकजुट विपक्ष के उम्मीदवारों समेत कुल 11 प्रत्याशी मैदान में थे. हालांकि, अब रिजल्ट आ चुका है और इस सीट से NR कांग्रेस के प्रत्याशी अशोक आनंद ने 13358 वोटों के साथ जीत दर्ज कर ली है.
असम में भाजपा की जीत का दावा
असम में कांग्रेस सांसद प्रद्युत् बोरदोलोई के इस्तीफे और उनके भाजपा में शामिल होने के बाद से नगांव लोकसभा सीट खाली हो गई थी. भाजपा ने इस सीट से पूर्व ब्यूरोक्रेट देवाशीष शर्मा को मौदान में उतारा है. असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने नगांव सीट पर भाजपा की जीत का दावा किया है.








