भारत की खुफिया एजेंसियों को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. जानकारी के अनुसार, कुख्यात ड्रग तस्कर और अंडरवर्ल्ड से जुड़े सलीम डोला को तुर्किये (इस्तांबुल) से डिपोर्ट कर भारत लाया गया है. बताया जा रहा है कि डोला को मंगलवार सुबह एक विशेष विमान के जरिए दिल्ली के टेक्निकल एयरपोर्ट पर लाया गया, जहां फिलहाल उससे गहन पूछताछ की जा रही है.
इंटरनेशनल ऑपरेशन से गिरफ्तारी
सूत्रों के मुताबिक, यह कार्रवाई भारतीय खुफिया एजेंसियों और अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के संयुक्त ऑपरेशन का नतीजा है. सलीम डोला को हाल ही में इस्तांबुल में गिरफ्तार किया गया था. तुर्किये की सुरक्षा एजेंसियों ने भारतीय एजेंसियों के इनपुट के आधार पर ये कार्रवाई की थी. लंबे समय से फरार चल रहे डोला की तलाश कई देशों में की जा रही थी. भारत लाए जाने के बाद फिलहाल उससे दिल्ली में ही पूछताछ की जा रही है. प्रारंभिक जांच पूरी होने के बाद उसे मुंबई पुलिस को सौंपे जाने की तैयारी है, जहां उसके खिलाफ कई गंभीर मामले दर्ज हैं.
ड्रग नेटवर्क और अंडरवर्ल्ड से कनेक्शन
सलीम डोला का नाम अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क के बड़े चेहरों में गिना जाता है. जांच एजेंसियों के अनुसार, उसका नेटवर्क भारत, दुबई और अन्य देशों तक फैला हुआ है. सबसे अहम बात ये है कि उसके तार भारत के मोस्ट वांटेड अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम (Dawood Ibrahim) की डी-कंपनी से जुड़े बताए जाते हैं. बताया जाता है कि सलीम डोला पहले मुंबई के डोंगरी इलाके में सक्रिय था और बाद में दुबई शिफ्ट हो गया. वहीं से उसने अपने ड्रग्स कारोबार को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फैलाया और भारत में सप्लाई चेन को संचालित किया.
पहले भी डोला के नेटवर्क पर हो चुकी है कार्रवाई
भारतीय एजेंसियां पिछले कुछ समय से सलीम डोला के नेटवर्क पर लगातार कार्रवाई कर रही थीं. अक्टूबर 2025 में मुंबई क्राइम ब्रांच ने उसके करीबी सहयोगी को दुबई से प्रत्यर्पित किया था. इसके बाद नवंबर 2025 में उसके बेटे ताहिर डोला समेत परिवार के अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार कर भारत लाया गया था. इन लगातार कार्रवाइयों के बाद एजेंसियों का फोकस सलीम डोला को पकड़ने पर था, जिसमें अब सफलता मिली है.
इंटरपोल ने जारी किया था रेड कॉर्नर नोटिस
सलीम डोला पर नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था. उसके खिलाफ इंटरपोल के जरिए रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी किया गया था, जिससे उसकी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तलाश तेज हो गई थी. सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि सलीम डोला से पूछताछ में अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क, डी-कंपनी के कनेक्शन और कई देशों में फैले सिंडिकेट के बारे में अहम जानकारी मिल सकती है.








