देश की आधे से ज्यादा आबादी आज भी खेती और किसानी पर निर्भर है. लेकिन अब वक्त आ गया है कि इस निर्भरता को मजबूरी नहीं बल्कि एक मुनाफे वाले बिजनेस में बदला जाए. अगर आपके पास 2 एकड़ जमीन है. तो वह आपके लिए हर दिन कमाई का एक शानदार जरिया बन सकती है. पारंपरिक अनाज वाली फसलों के बजाय सब्जियों की खेती का रुख करना एक ऐसा स्मार्ट फैसला है.
जो किसान को महीने के अंत में किसी बड़ी नौकरी जैसी सैलरी दिला सकता है. बस इसके लिए आपको उन फसलों पर दांव लगाना होगा जिनकी हार्वेस्टिंग रोज होती है और मार्केट में जिनकी मांग कभी खत्म नहीं होती. जब आप मार्केट की नब्ज पहचानकर फार्मिंग करते हैं, तो आपकी मेहनत का एक-एक कतरा सीधे आपके बैंक अकाउंट में प्रॉफिट के तौर पर जमा होने लगता है.
भिंडी और तोरई की खेती
रोजाना की कमाई पक्की करने के लिए भिंडी और तोरई को सबसे बेस्ट माना जाता है. ये ऐसी फसलें हैं जो एक बार फल देना शुरू करती हैं. तो लगातार कई हफ्तों तक प्रोडक्शन देती रहती हैं. अगर 2 एकड़ के खेत में इनका सही तालमेल बिठाया जाए. तो डेली करीब 50 किलो तक ताजी फसल तोड़ी जा सकती है.
सुबह-सुबह ताजी सब्जियां तोड़कर सीधे मंडी पहुँचाने से न केवल उनकी फ्रेशनेस बरकरार रहती है. बल्कि वजन में भी फायदा मिलता है. इसकी सबसे बड़ी खूबी यही है कि किसान को अपनी फसल बेचने के लिए महीनों इंतजार नहीं करना पड़ता. बल्कि हर शाम उसके पास अगले दिन की प्लानिंग के लिए कैश हाथ में होता है.








