उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को गोरखपुर दौर पर थे, जहां उन्होंने एक शेर के पुतले के साथ तस्वीर खिंचवाई, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है. सीएम योगी की इस तस्वीर पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अपने ही अंदाज में तंज कसा है. उन्होंने इटावा में सपा सरकार द्वारा बनवाए लायन सफारी का जिक्र कहा कि शेर बनाना ही था तो कायदे से बना लेते.
सपा अध्यक्ष ने सीएम योगी आदित्यनाथ की शेर के पुतले के साथ तस्वीर पर तंज कसते हुए एक्स पर पोस्ट किया. जिसमें उन्होंने सीएम योगी की फोटो और इटावा के लायन सफारी में लगी पत्थर के शेर की मूर्ति की तस्वीर शेयर की. सपा मुखिया ने कहा कि अगर असली शेर देख लेते तो वहीं धड़ाम हो जाएंगे.
शेर संग सीएम योगी की तस्वीर पर कसा तंज
अखिलेश यादव ने लिखा- ‘नक़ली शेर’ के साथ मुस्कान, असली देखें तो हो जाएं धड़ाम. लगता है कोरोना काल का शेर है, तभी ‘बाल-अयाल’ इतने लंबे हैं.’ शेर बनाना ही था तो क़ायदे का बनाते और इसके लिए सपाकाल में बनी इटावा की लायन सफ़ारी ही देख आते.’
बीजेपी सांसद रवि किशन ने खींची थी तस्वीर
दरअसल सीएम योगी आदित्यनाथ गुरुवार को गोरखपुर में 1055 करोड़ की परियोजनाओं के लोकार्पण और उद्घाटन के लिए पहुंचे छे. इस दौरान कार्यक्रम स्थल पर टायरों से बनी एक शेर की प्रतिमा के साथ उन्होंने तस्वीर खिंचवाई. दिलचस्प बात ये है कि उनकी ये तस्वीर बीजेपी सांसद रवि किशन ने खींची थी. इस दौरान वो सीएम योगी को नए-नए पोज भी बताते हुए दिखाई दिए.
सीएम योगी ने शेर के पुतले के पेट और चेहरे पर हाथ रखकर फोटो खिंचवाएं. रवि किशन ने उनसे शेर के फेस के साथ एंगल बनाने को भी कहा. इस दौरान आसपास का माहौल काफी हल्का हो गया और सब लोग हंसते हुए दिखाई दिए. सीएम योगी, शेर का पुतला और रवि किशन के साथ बातचीत का ये वीडियो भी सोशल मीडिया पर व वायरल हो गया जो काफी चर्चा में बना हुआ है.
सीएम योगी के इसी वीडियो को लेकर अखिलेश यादव ने उन पर व्यंग्य कसा है. सपा मुखिया अक्सर बीजेपी और मुख्यमंत्री को घेरने का कोई मौका नहीं छोड़ते है. हर मुद्दे पर वो सोशल मीडिया के ज़रिए अपनी बात रखते हुए दिखाई देते हैं.








