दिग्गज भारतीय गायिका आशा भोसले की खबर दिखाने को लेकर पाकिस्तान में एक चैनल पर गाज गिरी है. पाकिस्तान की न्यूज टीवी चैनल रेगुलटरी अथॉरिटी की तरफ से लेटर जारी कर कहा गया है कि भारतीय कंटेंट का प्रसारण करना मना है. अथॉरिटी ने इसके लिए चैनल से जवाब भी तलब किया है.
क्या है पूरा मामला?
पाकिस्तान इलेक्ट्रॉनिक मीडिया नियामक प्राधिकरण (PEMRA) ने जियो न्यूज को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है कि चैनल ने खबर के साथ भारतीय सामग्री क्यों प्रसारित की. बता दें कि पाकिस्तान में भारतीय कंटेंट पर 2018 से प्रतिबंध लागू है. PEMRA ने कहा कि भोसले की मौत की खबर प्रसारित करते समय जियो न्यूज ने भारतीय गाने और भारतीय फिल्मों के दृश्य प्रसारित कर पाकिस्तानी सुप्रीम कोर्ट के फैसले का जानबूझकर उल्लंघन किया है.
चैनल के एमडी ने क्या कहा?
इस पूरे मामले को लेकर जियो न्यूज के प्रबंध निदेशक अजहर अब्बास ने एक पोस्ट में कहा कि प्रतिष्ठित कलाकारों के बारे में रिपोर्टिंग करते समय उनके कार्यों को याद करना और उनकी सराहना करना हमेशा से एक परंपरा रही है. आशा भोसले जैसी कलाकार के लिए हमें उनके कालजयी और यादगार गीतों को और भी अधिक साझा करना चाहिए था. फिर भी PEMRA ने इसे प्रतिबंधित करने का विकल्प चुना है.









