Search
Close this search box.

काबुल एयरपोर्ट अमेरिकी सेना के कंट्रोल में; गोलीबारी में कुछ लोगों की मौत, वीडियो में नजर आईं लाशें

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

अफगानिस्तान में तालिबान का कब्जा होने के बाद काबुल एयरपोर्ट पर भारी भीड़ हो गई है। फिलहाल एयरपोर्ट अमेरिकी सैनिकों के कंट्रोल में है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, एयरपोर्ट पर हुई गोलीबारी में कुछ लोग मारे गए हैं और कई लोग घायल हुए हैं। वीडियो में एयरपोर्ट पर लाशें नजर आ रही हैं।

वहीं, एयरपोर्ट पर हजारों की तादाद में ऐसे लोग पहुंच गए हैं जिनके पास ना वीजा है और ना टिकट। काबुल में मोबाइल रिचार्ज कराने में लोगो को दिक्कत आ रही है। ऐसे में लोग इंटरनेट और कॉल क्रेडिट आपात स्थिति के लिए बचा रहे हैं।

हिजाब न पहनने वाली महिलाओं को तालिबान ने गोली मारी
अफगानिस्तान पर कब्जे के बाद तालिबान सभी को ये मैसेज देने की कोशिश कर रहा है कि वो अफगानियों की जान-माल की हिफाजत करेगा, लेकिन काबुल एयरपोर्ट से एक चौंकाने वाली खबर सामने आ रही है। भास्कर को सूत्रों ने बताया कि एयरपोर्ट के नजदीक कई ऐसी महिलाओं को गोली मार दी गई है, जिन्होंने हिजाब नहीं पहना था। हालांकि, तालिबान ने अभी इस बात की पुष्टि नहीं की है।

फायरिंग के बाद एयरपोर्ट पर भगदड़ मच गई। इसका वीडियो भी सामने आया है। सूत्र के मुताबिक, तालिबानियों की फायरिंग के बाद अमेरिकी सैनिकों ने भी जवाबी फायरिंग की है।

इस घटना की तालिबान ने नहीं की पुष्टि
तालिबान से जुड़े एक सूत्र ने दैनिक भास्कर को बताया है- सबकुछ बहुत तेजी से हुआ है। कई इलाकों में तालिबान अपने लड़ाके तैनात नहीं कर पाए हैं। शहर के कई हिस्सों से लूटपाट की खबरे हैं, इनसे निपटा जा रहा है। एयरपोर्ट की सुरक्षा तालिबान के हाथ में नहीं हैं। वहां की घटना की हम पुष्टि नहीं कर सकते हैं।

एयरपोर्ट पर 6 हजार सैनिक तैनात करेगा अमेरिका
हालांकि, अमेरिका ने कहा है कि वह एयरपोर्ट पर अपने 6 हजार सैनिक तैनात करेगा, ताकि नागरिकों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके। अभी काबुल एयरपोर्ट पर भगदड़ जैसे हालात हैं। देश छोड़ने के लिए लोग हजारों की तादाद में वहां जमा हो गए हैं। कई ऐसे भी हैं जो बिना कोई सामान लिए एयरपोर्ट पर पहुंच गए हैं।

पूरे काबुल में तलिबानी झंडे, आज पहुंचेगा मुल्ला बरादर
तालिबान काबुल में आजादी की अपनी पहली सुबह मना रहा है। पूरे शहर में सफेद तालिबानी झंडे दिखाई दे रहे हैं। तालिबानी नेता सोशल मीडिया पर इस बार ज्यादा सक्रिय नजर आ रहे हैं और शांति का मैसेज देने की कोशिश कर रहे हैं।

सूत्रों के मुताबिक, तालिबानी नेता मुल्ला बरादर अपने साथियों के साथ आज काबुल पहुंचेगा। अभी उसके कतर में होने की खबर है। रविवार को उसने एक बयान जारी किया था। बरादर ने कहा था कि हमें इतनी आसानी से अफगानिस्तान पर कब्जा होने की उम्मीद नहीं थी।

admin
Author: admin

और पढ़ें