Search
Close this search box.

डिलीवरी देने पहुंचा ब्लिंकिट राइडर, साथ में बाइक पर बैठा मिला नन्हा पिल्ला

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ऑनलाइन ग्रोसरी डिलीवर करने वाले डिलीवरी एजेंट्स की भागदौड़ भरी जिंदगी के बीच मुंबई से इंसानियत और प्यार की एक बेहद खूबसूरत कहानी सामने आई है. ब्लिंकिट से ऑर्डर मंगवाने वाले एक ग्राहक के घर जब डिलीवरी पार्टनर पहुंचा, तो उसके साथ एक छोटा सा कुत्ता (Puppy) भी बाइक पर बैठा नजर आया. जब ग्राहक ने उत्सुकता में उससे पूछा कि यह नन्हा पिल्ला उसके साथ क्यों है, तो जो कहानी सामने आई उसने सोशल मीडिया पर लाखों लोगों का दिल जीत लिया.

कार के टायर नीचे आ गया था पिल्ला, डिलीवरी एजेंट्स ने बचाई जान

मुंबई के रहने वाले प्रोफेशनल रोशन म्हात्रे ने लिंक्डइन (LinkedIn) पर इस घटना को शेयर करते हुए बताया कि उन्होंने ब्लिंकिट से कुछ सामान ऑर्डर किया था. लगभग 15 मिनट बाद जब डिलीवरी एजेंट सामान लेकर आया, तो उसके साथ बाइक पर एक छोटा सा पिल्ला भी बैठा हुआ था. जब रोशन ने उसके बारे में पूछा, तो एजेंट ने बताया कि यह बेजुबान कुछ दिन पहले एक कार के टायर के नीचे आ गया था और उसकी हालत बेहद गंभीर थी.

ब्लिंकिट के डिलीवरी राइडर्स ने तुरंत उस घायल पिल्ले को बचाया, मिलकर उसका इलाज कराया और उसकी पूरी देखभाल की. ठीक होने के बाद अब वह पिल्ला ब्लिंकिट के वेयरहाउस में ही रहता है और राइडर्स के साथ डिलीवरी पर भी जाने लगा है.

“इस पोस्ट ने मेरा दिन बना दिया” सोशल मीडिया पर वायरल हुई कहानी

लिंक्डइन पर रोशन म्हात्रे द्वारा शेयर की गई यह पोस्ट देखते ही देखते इंटरनेट पर आग की तरह फैल गई. एक सड़क दुर्घटना में घायल होने से लेकर डिलीवरी टीम का मुख्य सदस्य बनने तक के इस नन्हें पिल्ले के सफर को देखकर लोग बेहद भावुक हो रहे हैं. एक यूजर ने कमेंट किया..”इस पोस्ट ने सच में मेरा दिन बना दिया, इन डिलीवरी एजेंट्स की दरियादिली को मेरा सलाम है.” दूसरे यूजर ने लिखा…”सख्त और थकान भरी जॉब के बीच भी ऐसा इंसानियत से भरा काम दिल जीत लेता है.”

वहीं कुछ यूजर्स ने पिल्ले को गोद लेने की इच्छा जताई. पोस्ट देखने के बाद कई लोगों ने पुणे या मुंबई के उस वेयरहाउस का पता और डिलीवरी पार्टनर का कॉन्टैक्ट नंबर मांगा ताकि वे उस पिल्ले को गोद (Adopt) ले सकें.

admin
Author: admin

और पढ़ें