Search
Close this search box.

यमुना नदी में नहाने गए 3 बच्चों की डूबने से मौत, गोताखोरों ने किया रेस्क्यू ऑपरेशन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

आगरा के थाना कमला नगर क्षेत्र के अंतर्गत पार्वती घाट के सामने दर्दनाक हादसा हो गया, जहां यमुना नदी में डूबने से तीन बच्चों की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि शोभा नगर क्षेत्र से बच्चे अपने रिश्तेदार के यहां जन्मदिन कार्यक्रम में शामिल होने आए थे. सुबह सभी बच्चों ने यमुना नदी में नहाने का प्लान बनाया और घाट पर पहुंच गए. नहाने के दौरान अचानक कुछ बच्चे गहरे गड्ढे में चले गए.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक बच्चे को डूबता देख दूसरे बच्चे उसे बचाने के लिए आगे बढ़े, लेकिन इसी दौरान एक के बाद एक बच्चे गहरे पानी में समाते चले गए. घाट पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत बच्चों को बचाने का प्रयास शुरू किया.

पीएसी टीम और गोताखोरों ने किया रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही इलाका पुलिस मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने पीएसी टीम, गोताखोरों और स्टीमर की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कराया. कुल छह बच्चों के डूबने की सूचना पर पांच बच्चों को बाहर निकाल लिया गया और उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया.

अस्पताल में उपचार के दौरान कान्हा, रिया और महक को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि काजल और अंशू सकुशल बताए गए हैं. वहीं एक अन्य बच्चे की तलाश लगातार जारी है. पुलिस और गोताखोरों की टीम यमुना नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है. घटना के बाद घाट पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया.

रेस्क्यू में पांच बच्चों में से तीन की इलाज के दौरना मृत्यु
डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि थाना कमला नगर पुलिस को यमुना नदी में छह बच्चों के डूबने की सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और पीएसी टीम की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया गया. उन्होंने बताया कि पांच बच्चों को बाहर निकाल लिया गया था, जिनमें से कान्हा, रिया और महक की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई, जबकि काजल और अंशू सुरक्षित हैं.

मौके पर पुलिस टीम और रेस्क्यू टीम मौजूद है तथा शेष एक बच्चे की बरामदगी के प्रयास लगातार जारी हैं. अधिकारियों के अनुसार हादसा बच्चों के एक-दूसरे को बचाने के प्रयास में गहरे पानी में चले जाने की वजह से हुआ.

‘सरकार से हर संभव दिलाई जाएगी सहायता’
दुखद घटना की जानकारी मिलने पर विधायक डॉक्टर धर्मपाल सिंह मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया. उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया. विधायक डॉक्टर धर्मपाल सिंह ने कहा कि प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवारों की हर संभव मदद की जाएगी और सरकार से भी सहायता दिलाई जाएगी.

वहीं मौके पर पहुंचीं एडीएम फाइनेंस शुभांगी शुक्ला ने भी घटना को बेहद दुखद बताया. उन्होंने कहा कि प्रशासन पीड़ित परिवारों की सहायता करेगा. एडीएम फाइनेंस शुभांगी शुक्ला के अनुसार हादसे की मुख्य वजह बच्चों का एक-दूसरे को बचाने के दौरान गहरे पानी में चले जाना रही, जिसकी वजह से यह बड़ा हादसा हुआ.

admin
Author: admin

और पढ़ें