Search
Close this search box.

छिंदवाड़ा कफ सिरप कांड ने ली एक और जान, बैतूल के 4 साल के बच्चे की इलाज के दौरान मौत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के परासिया में पिछले साल सामने आए कोल्ड्रिफ कफ सिरप कांड से जुड़ी एक और दर्दनाक खबर आई है. इस मामले में गंभीर रूप से बीमार हुए बैतूल जिले के एक चार वर्षीय बच्चे की इलाज के दौरान मौत हो गई. बच्चे का इलाज नागपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में चल रहा था, जहां उसने रविवार (1 फरवरी) रात अंतिम सांस ली.

4 महीने से कोमा में था बच्चा

जानकारी के मुताबिक, बैतूल जिले की आमला तहसील के टीकाबर्री गांव में रहने वाले गोकुल यादव का बेटा हर्ष पिछले चार महीने से ज्यादा समय से कोमा में था.

हालत बेहद नाजुक होने के कारण उसे एम्स नागपुर के आईसीयू में भर्ती किया गया था. डॉक्टरों की लगातार कोशिशों के बावजूद बच्चे की हालत में सुधार नहीं हो सका और आखिरकार रविवार देर रात उसकी मौत हो गई.

4 साल के मासूम की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव में भी शोक का माहौल है. परिजनों का कहना है कि उन्हें आखिरी समय तक उम्मीद थी कि हर्ष ठीक हो जाएगा, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

बैतूल के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज हुरमाड़े ने बच्चे की मौत की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि सोमवार को नागपुर में शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है.

इस मौत के बाद कोल्ड्रिफ कफ सिरप कांड को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं. लोगों का कहना है कि अगर समय रहते सख्त कार्रवाई और बेहतर निगरानी होती, तो शायद यह मासूम आज जिंदा होता. मामले में पहले से चल रही जांच पर भी अब नजरें टिक गई हैं.

फिलहाल, प्रशासन पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है और परिजनों को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया गया है.

admin
Author: admin

और पढ़ें