इस साल नोबेल पुरस्कार भारतीय मूल की प्रख्यात न्यायविद और मानवाधिकारों के लिए संयुक्त राष्ट्र की पूर्व उच्चायुक्त नवानेथम (नवी) पिल्लई को मिला है. उनके सम्मान पर भारत सरकार की तरफ से कोई आधिकारिक बधाई संदेश शेयर नहीं किया गया है. जिसे लेकर कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने सरकार पर निशाना साधा है.
शशि थरूर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करके सरकार पर निशाना साधा है और कहा है कि ऐसे लोगों पर शर्म आती है.
निंदनीय फैसला लिया है
शशि थरूर ने सोशल मीडिया पर नवी का एक एआई वीडियो शेयर करते हुए लिखा, भारतीय मूल की इस असाधारण महिला (इनकी कहानी साथ में संलग्न है) को नोबेल शांति पुरस्कार जीते हुए छह दिन हो चुके हैं और भारत सरकार-जो उनका पैतृक देश है, उसने उन्हें बधाई तक नहीं दी?! ऐसे घटिया लोगों पर शर्म आती है, जिन्होंने इतना निंदनीय फैसला लिया है. इस वीडियो में नवी की कहानी दिखाई गई है.
बता दें कि नवी पिल्लई का जन्म 23 सितंबर 1941 को दक्षिण अफ्रीका के नटाल प्रांत के डरबन शहर के एक गरीब और साधारण परिवार में हुआ था. नवी भारतीय तमिल मूल की हैं और उनके पिता एक बस ड्राइवर थे. उनका शुरुआती जीवन दक्षिण अफ्रीका के बेहद कड़े और क्रूर रंगभेद शासन के साये में बीता.








