अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे में कथित चोरी मामले की जांच के लिए आज एसआईटी की टीम अयोध्या रवाना होगी. सूत्रों के मुताबिक लखनऊ से तीन सदस्यीय एसआईटी की टीम सुबह 11 बजे अयोध्या के लिए निकलेगी और दोपहर करीब 1 बजे से 2 बजे के बीच राम मंदिर पहुँच जाएगी. जिसके बाद टीम इस मामले में जरूरी साक्ष्य संकलित करेगी.
राम मंदिर में चंदे में हुई चोरी मामले में सीएम योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर तीन सदस्यीय एसआईटी की टीम का गठन किया गया है. इस टीम में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को सम्मिलित किया गया है. जिनमें लखनऊ मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत, आईडी एस किरण और विशेष सचिव नील रतन शामिल हैं.
15 दिन में अंतिम रिपोर्ट पेश करेगी एसआईटी
एसआईटी को सात दिन के अंदर इसकी प्रारंभिक रिपोर्ट और 15 दिनों में अंतिम रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए गए हैं. इस टीम का गठन शनिवार को किया गया था जिसके बाद आज अधिकारी कथित दान घोटाला मामले की जाँच के लिए अयोध्या जाएंगे. ये टीम आज अयोध्या राम मंदिर जाकर अहम साक्ष्य संकलित करेगी और जाँच को आगे बढ़ाएगी.
एसआईटी की टीम के गठन पर बोले नृपेंद्र मिश्रा
वहीं इस मामले पर एसआईटी की टीम के गठन को लेकर श्री राम जन्मभूमि मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र ने की प्रतिक्रिया आई हैं. उन्होंने इस मामले पर यूपी सरकार द्वारा तेजी से फैसला लिए जाने पर प्रसन्नता जताई और कहा कि ये टीम पहले सीएम योगी आदित्यनाथ से मुलाक़ात करेगी और इसके बाद अयोध्या आकर अपने काम को आगे बढ़ाएगी.
2027 में सपा, बसपा और कांग्रेस साथ आ गईं तो कौन जीतेगा चुनाव? केशव प्रसाद मौर्य ने किया बड़ा दावा
नृपेंद्र मिश्रा ने कहा कि “राज्य सरकार ने जिस गति से ये निर्णय लिया है वो प्रशंसा की बात है, शनिवार को ये फैसला लिया गया, कल रविवार था, जो तीनों सदस्य हैं उनको विज्ञप्ति आज दस बजे मिलेगी उनके कार्यालय में, मुझे ये भी पता चला है कि एसआईटी की टीम शीर्ष स्तर पर मार्गदर्शन और आशीर्वाद के लिए आज मुख्यमंत्री जी से भी मिलने का उन्होंने अनुरोध किया है और उसके बाद वो यहां आकर कार्य शुरू करेगी.”
समिति के अध्यक्ष ने कहा कि मैं नहीं समझता कि अब इसमें कोई ढिलाई बरती जाएगी. इसके कई पहलू हैं. एक अपराधिक पहलू हैं दूसरा इसमें भविष्य के सुधार का पहलू है. ये दोनों जब हो जाएगा तब ही श्रद्धालु का विश्वास हम जीत पाएंगे. इसके लिए ट्रस्ट ने अपना पूरा मन बना लिया है और जितना सहयोग से समिति और कमेटी चाहेगी, जिला प्रशासन से भी मेरी बात हुई है. उन लोगों ने भी पूरी तरीके से सहयोग की बात कही है.







