Search
Close this search box.

गरीबों के लिए नहीं, आवाज दबाने के लिए करोड़ों! पीओके सरकार ने प्रदर्शनकारियों की मुखबिरी पर रखा 1 करोड़ का इनाम

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पाकिस्तान अधिकृत जम्मू-कश्मीर (पीओके) में बढ़ते जनआक्रोश के बीच वहां की सरकार ने ज्वाइंट अवामी एक्शन कमेटी (JAAC) के चार प्रमुख कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी में मदद करने वाले व्यक्ति के लिए एक करोड़ पाकिस्तानी रुपये के इनाम की घोषणा की है. वांछित घोषित किए गए लोगों में शौकत नवाज मीर, उमर नजीर कश्मीरी, ख्वाजा मेहरान अरशद और सरदार अमन खान शामिल हैं.

यह फैसला ऐसे समय में सामने आया है जब पीओके के विभिन्न हिस्सों में लोग महंगाई, बेरोजगारी, बढ़े हुए बिजली बिलों और बदहाल आर्थिक स्थिति के खिलाफ लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं. जनता की मांग है कि उन्हें सस्ती बिजली, आवश्यक वस्तुओं पर राहत और बेहतर जीवन-यापन की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं. लेकिन इन समस्याओं का समाधान करने के बजाय सरकार विरोध की आवाज उठाने वालों पर शिकंजा कसने में जुटी दिखाई दे रही है.

आर्थिक संकट से जूझ रहा पाकिस्तान

सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर पाकिस्तान की प्राथमिकताएं क्या हैं? एक तरफ पाकिस्तान आर्थिक संकट, विदेशी कर्ज और वित्तीय बदहाली से जूझ रहा है, वहीं दूसरी तरफ अपने ही लोगों की आवाज दबाने के लिए करोड़ों रुपये खर्च करने को तैयार दिखाई देता है. जिस धनराशि का उपयोग गरीब परिवारों को राहत देने, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करने या बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने में किया जा सकता था, उसे अब सरकार उन लोगों की तलाश में खर्च कर रही है जो जनता के मुद्दे उठा रहे हैं.

लगातार हो रहा है प्रदर्शन

पीओके में चल रहे आंदोलन की प्रमुख मांगें राजनीतिक नहीं बल्कि आम नागरिकों के जीवन से जुड़ी हुई हैं. प्रदर्शनकारी लगातार महंगाई पर नियंत्रण, बिजली दरों में कमी और बेहतर प्रशासन की मांग कर रहे हैं. इसके बावजूद आंदोलन से जुड़े लोगों को निशाना बनाया जा रहा है और उनकी गिरफ्तारी के लिए इनाम घोषित किया जा रहा है.

आतंकी संगठनों को पनाह देने का आरोप

पाकिस्तान पर लंबे समय से विभिन्न आतंकी संगठनों को पनाह देने और उनके खिलाफ पर्याप्त कार्रवाई न करने के आरोप लगते रहे हैं. अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी पाकिस्तान को कई बार आतंकवाद के मुद्दे पर आलोचनाओं का सामना करना पड़ा है. ऐसे में आलोचकों का कहना है कि पाकिस्तान के पास विरोध की आवाज़ दबाने और सुरक्षा तंत्र को मजबूत करने के लिए संसाधन उपलब्ध हैं, लेकिन आम जनता की भलाई और विकास कार्यों के लिए वही तत्परता दिखाई नहीं देती.

बढ़ गई है प्रदर्शन कारियों की बेचैनी

एक करोड़ पाकिस्तानी रुपये का यह इनाम केवल चार लोगों की गिरफ्तारी की घोषणा नहीं है, बल्कि यह पीओके में बढ़ते जनाक्रोश और प्रशासन की बेचैनी को भी दर्शाता है. इससे यह संदेश जाता है कि जनता की समस्याओं का समाधान करने के बजाय विरोध की आवाजों को दबाने को प्राथमिकता दी जा रही है.

उठने लगे हैं सवाल

पीओके के लोग आज भी महंगाई, बेरोजगारी और बुनियादी सुविधाओं की कमी से जूझ रहे हैं. ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि क्या जनता की समस्याओं का समाधान इनाम घोषित करके होगा, या फिर उनकी आवाज सुनकर और उनके मुद्दों का समाधान निकालकर?

admin
Author: admin

और पढ़ें