टीएमसी के सत्ता गंवाने के बाद पश्चिम बंगाल की राजनीति में हाशिए पर आईं ममता बनर्जी की मुश्किलें कम होती नजर नहीं आ रही हैं. मंगलवार को कोलकाता स्थित उनके कालीघाट ऑफिस पर सीआईडी की टीम पहुंची. रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह टीम उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी को नोटिस देने के लिए वहां गई थी क्योंकि यहीं पर टीएमसी को एक ऑफिस भी है. यह मामला पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के लिए आरक्षित महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्तियों से जुड़े एक अहम प्रस्ताव में कुछ तृणमूल कांग्रेस विधायकों के हस्ताक्षरों में कथित गड़बड़ी और असंगति की जांच से संबंधित है.
अभिषेक बनर्जी को CID ऑफिस बुलाया गया
सीईडी ने सोमवार (8 जून 2026) को टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव और लोकसभा सांसद अभिषेक बनर्जी को तीसरा नोटिस जारी किया था और 9 जून शाम 5 बजे तक दक्षिण कोलकाता स्थित सीआईडी मुख्यालय में पूछताछ के लिए उपस्थित होने को कहा था. इससे पहले 30 मई को जारी पहले नोटिस में उन्हें 1 जून को सीआईडी मुख्यालय में पेश होने को कहा गया था.
हालांकि, उन्होंने 1 जून को सीआईडी को पत्र भेजकर 15 दिनों का समय मांगा था. उन्होंने इसके पीछे 30 मई को दक्षिण 24 परगना जिले के सोनारपुर में कथित हमले के दौरान लगी चोटों और स्वास्थ्य संबंधी कारणों का हवाला दिया था. इसके बाद सीआईडी ने दूसरा नोटिस जारी कर उन्हें सोमवार दोपहर 12 बजे तक पूछताछ के लिए उपस्थित होने को कहा था, लेकिन सोमवार सुबह अभिषेक बनर्जी ने एक बार फिर सीआईडी को पत्र भेजकर पूछताछ के लिए अतिरिक्त समय की मांग की.
टीएमसी के पूर्व विधायक सब्यसाची दत्ता की गिरफ्तारी
वहीं दूसरी ओर, टीएमसी के पूर्व विधायक सब्यसाची दत्ता को अदालत ने आठ दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया है. उन्हें जबरन वसूली और आपराधिक धमकी देने के आरोप में मंगलवार (9 जून 2026) तड़के पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले से गिरफ्तार किया गया था. शिकायत में आरोप लगाया गया था कि दत्ता जबरन वसूली की गतिविधियों में शामिल थे और उन्होंने 2018 में शिकायर्तकर्ता से एक करोड़ रुपये से अधिक की मांग की थी.
त्ता की गिरफ्तारी ऐसे समय हुई है, जब बिधाननगर के पूर्व विधायक और तृणमूल सरकार में मंत्री रह चुके सुजीत बोस को निकाय भर्ती घोटाले से जुड़े एक मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने गिरफ्तार किया है. उनकी गिरफ्तारी पर राज्य के मंत्री शरदवत मुखर्जी ने कहा, ‘भ्रष्टाचार और अहंकार में डूबे लोग एक के बाद एक गिरफ्तार किए जा रहे हैं.’








