जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में एक बड़ा हादसा हुआ है. ऊधमपुर के रामनगर के कागोत इलाके में एक यात्री बस पलट गई है और इस दर्दनाक हादसे में 15 लोगों की मौत की खबर सामने आ रही है. हादसे के बाद बचाव कार्य जारी है, जिसमें पुलिस, प्रशासन और स्थानीय लोग मदद कर रहे हैं. वहीं घायलों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है.
पुलिस के अनुसार बस रामनगर से उधमपुर की ओर जा रही थी, तभी जालो क्षेत्र के पास अचानक यह हादसा हुआ. दुर्घटना के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है और मामले की जांच की जा रही है. चश्मदीदों के मुताबिक यह हादसा रैश और नेग्लीजेंट ड्राइविंग का है. एक मोड पर बस का टायर फट गया जिसके बाद तेजी से आ रही बस बेकाबू हो गई.
इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया. बचाव दल द्वारा घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों और चिकित्सा केंद्रों में भर्ती कराया जा रहा है. प्रशासन ने बताया कि घायलों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है और उन्हें हर संभव चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा रही है, हादसे के कारणों को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है.
दर्दनाक हादसे पर मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी दुख जताया है. मुख्यमंत्री कार्यालय की तरफ से दी गई जानकारी के अनुसार उन्होंने रामनगर से उधमपुर जा रही एक यात्री बस के साथ हुई दुखद सड़क दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है. उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदनाएं व्यक्त कीं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की. मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि सरकार दुख की इस घड़ी में पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ पूरी दृढ़ता से खड़ी है, और उन्हें हर संभव आवश्यक सहायता प्रदान की जा रही है.
वहीं इस हादसे पर जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने दुख जताया है. पूर्व पीएम ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा-“उधमपुर-राम नगर बस दुर्घटना से गहरा दुख हुआ, जिसमें बारह लोगों की जान चली गई. शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं और मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं.”
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने जताया दुख
वहीं जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा, “ऊधमपुर में हुआ यह दुखद सड़क हादसा दिल दहला देने वाला है. शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं. ईश्वर उन्हें शक्ति प्रदान करें. मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं, मैंने जिला प्रशासन, पुलिस, SDRF और स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिया है कि वे प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान करें.”







