भारत में इलेक्ट्रिक गाड़ियों की मांग तेजी से बढ़ रही है और Tata Motors इस सेगमेंट में पहले से मजबूत पकड़ बनाए हुए है. अब कंपनी 2026 में अपनी Tiago EV का नया फेसलिफ्ट मॉडल लॉन्च कर सकती है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस बार Tiago EV को पूरी तरह से नया लुक दिया जाएगा. इसके फ्रंट में नई एलईडी हेडलाइट्स और ज्यादा आकर्षक डे-टाइम रनिंग लाइट्स मिल सकती हैं. साथ ही नया फ्रंट बंपर और बड़े साइड मिरर देखने को मिल सकते हैं, जिनमें 360 डिग्री कैमरा सिस्टम भी दिया जा सकता है.
गाड़ी के बाहरी डिजाइन में नए स्टाइल वाले व्हील्स, इलेक्ट्रिक सनरूफ, बदली हुई टेल लाइट्स और नया रियर बंपर शामिल हो सकते हैं. अंदर की बात करें तो केबिन में बेहतर फिनिशिंग के साथ बड़ा टचस्क्रीन सिस्टम, डिजिटल मीटर, वायरलेस फोन चार्जिंग और नया स्टीयरिंग व्हील मिल सकता है. माना जा रहा है कि इसमें 30 kWh की बैटरी दी जा सकती है, जिससे इसकी ड्राइविंग रेंज पहले से ज्यादा हो सकती है. यह कार शहर में रोज चलाने के लिए एक किफायती और भरोसेमंद विकल्प बन सकती है.
Tata Avinya बनेगी प्रीमियम इलेक्ट्रिक कार
Tata Motors 2026 की दूसरी छमाही में अपनी नई Avinya रेंज की पहली प्रोडक्शन कार पेश कर सकती है. यह कंपनी का हाई-एंड इलेक्ट्रिक मॉडल होगा, जिसे मौजूदा इलेक्ट्रिक गाड़ियों से ऊपर रखा जाएगा. Avinya को पहले कॉन्सेप्ट मॉडल के रूप में दिखाया गया था और अब इसे असली रूप में लाया जा सकता है. इसका डिजाइन स्पोर्टबैक स्टाइल में हो सकता है, जो इसे एक अलग और आधुनिक पहचान देगा. यह कार जेएलआर के EMA प्लेटफॉर्म पर बेस्ड हो सकती है. इससे उम्मीद है कि इसमें बेहतर टेक्नोलॉजी और लंबी रेंज मिलेगी.
Tata Sierra EV में मिलेगी लंबी रेंज
Tata Sierra EV भी 2026 में लॉन्च हो सकती है. यह सिएरा के पेट्रोल और डीजल मॉडल की पॉपुलेरिटी का फायदा उठाएगी. इसका इलेक्ट्रिक वर्जन दो बैटरी विकल्पों के साथ आ सकता है और एक बार चार्ज करने पर लगभग 450 किलोमीटर तक चल सकता है. यह फास्ट चार्जिंग को भी सपोर्ट करेगी. डिजाइन में ज्यादा बदलाव नहीं होंगे, लेकिन इसमें बंद ग्रिल और कुछ छोटे बदलाव दिख सकते हैं. इसे Curvv EV से ऊपर रखा जाएगा. इसमें 55 kWh और 65 kWh बैटरी विकल्प मिल सकते हैं. Avinya और Sierra जैसे मॉडल EV बाजार में Mahindra और MG को कड़ी टक्कर देंगे.








