Search
Close this search box.

अरविंद केजरीवाल के बरी होने पर अन्ना हजारे का बड़ा बयान, ‘मैंने पहले जो कुछ भी कहा था…’

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के संयोजक अरविंद केजरीवाल, पूर्व उप मुख्यमंत्री और पूर्व शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया समेत 23 लोगों को आबकारी नीति मामले में बड़ी राहत मिली है. दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट ने लंबे समय से चल रहे इस मामले में दोनों नेताओं और 21 अन्य को बरी कर दिया है. इसपर अन्ना हजारे ने भी खुशी जताई है.

अन्ना हजारे ने कहा, “हमारा देश अपनी न्यायिक और सुरक्षा प्रणालियों की ताकत पर चलता है. विविध दलों, जातियों, धर्मों और समुदायों वाला इतना बड़ा राष्ट्र होने के बावजूद, न्यायपालिका के कारण ही यह सुचारू रूप से कार्य करता है. इसके बिना अराजकता और अशांति फैल जाएगी. अब जब अदालत ने अपना फैसला सुनाते हुए कहा है कि अरविंद केजरीवाल दोषी नहीं हैं, तो इसे स्वीकार किया जाना चाहिए.”

‘फैसला पहले आ जाता तो हम ये सब नहीं कहते ‘

अन्ना हजारे ने कहा, “मैंने पहले अरविंद केजरीवाल के बारे में जो कुछ भी कहा था, वह न्याय व्यवस्था का निर्णय नहीं था. हम सब हवा में बोल रहे थे. अगर वह न्यायालय का निर्णय होता तो हम ऐसा नहीं बोलते. अब कोर्ट ने फैसला सुना दिया है कि अरविंद केजरीवाल का कोई दोष नहीं था, तो हमें मानना पड़ेगा.”

‘अरविंद केजरीवाल को जो कहना है कह लें’- अन्ना हजारे 

अरविंद केजरीवाल ने दावा किया था कि बीजेपी ने उनके खिलाफ साजिश करते हुए झूठे केस दर्ज किए थे. इसपर अन्ना हजारे ने कहा, “यह उनका प्रश्न है. सत्ता पक्ष और मेरा कोई लेन-देन नहीं. मैं कभी सत्तापक्ष के नजदीक नहीं गया. उनको जो कहना है कह लें.”

अन्ना हजारे की अरविंद केजरीवाल को सलाह

जब अन्ना हजारे से सवाल किया गया कि वे अरविंद केजरीवाल को क्या सलाह देंगे, तो उन्होंने कहा, “अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया हमारे पुराने कार्यकर्ता रहे हैं. हम यही सलाह देंगे कि समाज और देश की भलाई के लिए जो कुछ कर सकते हैं, करते रहें. खुद के बारे में, पार्टी के बारे में मत सोचो. केवल देश को आगे बढ़ाना है.”

अन्ना हजारे ने आगे कहा, “हमारे देश को आजाद बनाने के लिए बहुत बड़ी कुर्बानियां हुई हैं. लाखों लोगों ने कुर्बानी की है. इसको याद रखना है. भूलना नहीं है.”

admin
Author: admin

और पढ़ें