Search
Close this search box.

सतना में धर्मांतरण के आरोप पर भारी हंगामा: मकान के अंदर मिले करीब 50 लोग, लालच देने के आरोप

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मध्य प्रदेश के सतना शहर के चांदमारी रोड धवारी इलाके में रविवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक घर में कथित तौर पर धर्मांतरण कराए जाने का मामला सामने आया. रामनरेश चौधरी के घर पर गैर-कानूनी गतिविधियां होने की जानकारी मिलने पर विश्व हिंदू परिषद (VHP) और बजरंग दल के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता वहां जमा हो गए और जोर-शोर से नारेबाजी करने लगे.

पुलिस ने 6-7 लोगों को लिया हिरासत में
मकान में धर्मांतरण कराए जाने की सूचना पर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और नारेबाजी करने लगे. सूचना मिलने पर पुलिसकर्मी भी वहां पहुंचे. पुलिस को पता चला कि घर के अंदर करीब 50 लोग मौजूद थे. उन्होंने लगभग 6-7 लोगों को हिरासत में लिया है और थाने में उनसे पूछताछ शुरू कर दी है.

धमकाने और लालच देने के आरोप
बजरंग दल के जिला संयोजक सचिन शुक्ला ने आरोप लगाया कि उन्हें उस घर में धर्म परिवर्तन कराए जाने की जानकारी मिली थी, जहां पुरुषों और महिलाओं को डरा-धमकाकर और पैसे व नौकरी का लालच देकर मजबूर किया जा रहा था. इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी और VHP-बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे, जहां उन्होंने विरोध में नारेबाजी की.

जांच में जुटी पुलिस
हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों से पूछताछ की और मकान के अंदर मौजूद लोगों की जानकारी जुटाई. इसके बाद, कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पुलिस स्टेशन लाया गया. पुलिस मामले की जांच कर रही है. अभी तक धर्मांतरण के आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है. मामले की सच्चाई पुलिस जांच और पूछताछ पूरी होने के बाद ही साफ हो पाएगी.

सतना में पहले भी धर्मांतरण के मामले सामने आ चुके हैं. वहीं अब धवारी में हुई इस घटना के बाद अब एक बार फिर से शांति बनाए रखने की अपील की जा रही है. पुलिस मामले की जांच कर रही है।जांच के बाद ही साफ होगा कि पूरा मामला क्या है.

admin
Author: admin

और पढ़ें