लखनऊ में महिला आरक्षण को लेकर विरोधी दलों के रवैये के विरोध में सीएम योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बीजेपी जन आक्रोश पदयात्रा निकाल रही है. जिस पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पलटवार किया है. उन्होंने बीजेपी की इस यात्रा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा बार-बार झूठ बोलकर भ्रम फैलाने की कोशिश कर रही है.
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट करते हुए बीजेपी के जन आक्रोश पदयात्रा को आड़े हाथों लिया और लोगों में झूठ फैलाने का आरोप लगाया. उन्होंने लिखा- ‘एक बार फिर से दूर-दूर से लोगों को जुटाया जाएगा.. “एक नहीं बार-बार झूठ बोलो” पाठ पढ़ाया जाएगा.. झूठ के महा दरवाज़े से झूठ का झंडा उठाया जाएगा, अपनी करतूतों की काली सड़कों पर चलाया जाएगा..’
लखनऊ में बीजेपी की जन आक्रोश यात्रा
दरअसल भारतीय जनता पार्टी आज लखनऊ में महिला आरक्षण को लेकर विपक्ष के खिलाफ जन आक्रोश पदयात्रा निकाल रही है. इस पदयात्रा में ख़ुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल हुए. उनके साथ दोनों डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक समेत एनडीए के तमाम बड़े नेता ओम प्रकाश राजभर, संजय निषाद और आशीष पटेल भी शामिल हुए.
ये पदयात्रा आज सुबह नौ बजे मुख्यमंत्री आवास से विधानभवन तक निकाली गई है. इस यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएँ और तमाम महिला संगठन भी शामिल हुए हैं. बीजेपी इस यात्रा के जरिए ये संदेश देने की कोशिश कर रही है कि विपक्ष ने महिला आरक्षण में रोड़ा अटकाया है, जिससे उनका महिला विरोधी चेहरा सबके सामने आ गया है.
पश्चिमी यूपी में अखिलेश यादव ने बढ़ाई अपनी ‘साईकिल’ की रफ्तार, किसानों पर है सपा का खास फोकस
विरोधी दलों के खिलाफ बीजेपी का प्रदर्शन
बता दें कि केंद्र सरकार ने 2029 के चुनाव में महिला आरक्षण लागू करने के लिए तीन दिवसीय संसद का विशेष सत्र बुलाया था, जिसमें महिला आरक्षण संशोधन विधेयक पेश किया गया था, ताकि इसका रास्ता बन सके. लेकिन विपक्ष ने इस पर सरकार का साथ नहीं दिया और सरकार की नीयत पर सवाल उठाए.
समाजवादी पार्टी, कांग्रेस समेत विपक्षी दलों ने इसे महिला आरक्षण की आड़ में परिसीमन लाने की साजिश बताते हुए इसका विरोध किया. विपक्षी दलों ने इसे ग़ैर लोकतांत्रिक बताया और ये बिल लोकसभा में पास नहीं हो पाया. जिसके बाद से ही भारतीय जनता पार्टी इसे लेकर विपक्षी दलों पर हमलावर बनी हुई है. यूपी ही नहीं देश के तमाम राज्यों बीजेपी विपक्षी दलों के ख़िलाफ़ प्रदर्शन कर रही है.








