Search
Close this search box.

‘अंजाम भुगतना होगा’, शिया मस्जिद में हुए सुसाइड अटैक पर फूटा PAK विदेश मंत्री का गुस्सा, हमलावरों को दी धमकी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

इस्लामाबाद की शिया मस्जिद में हुए सुसाइड अटैक की पाकिस्तान के डिप्टी पीएम और विदेश मंत्री इसहाक डार ने कड़ी आलोचना की है. उन्होंने इसे कायरपूर्ण हरकत बताया है. शुक्रवार (6 फरवरी, 2026) को इस्लामाबाद के शिया इमाम बारगाह में उस वक्त यह अटैक हुआ, जब जुमे की नमाज पढ़ने के लिए बड़ी संख्या में लोग वहां मौजूद थे. इस हमले में अब तक 31 लोगों की जान जा चुकी है और 169 घायल हुए हैं.

इसहाक डार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सुसाइड अटैक को लेकर एक पोस्ट किया है. पोस्ट में इसहाक डार ने लिखा, ‘शिया इमाम बारगाह में जुमे की नमाज अदा करने आए निर्दोष नमाजियों पर हुए कायरपूर्ण सुसाइड अटैक की मैं कड़ी निंदा करता हूं. धार्मिक स्थलों और नागरिकों को निशाना बनाकर ऐसे जघन्य अपराधों को अंजाम देना मानवता के खिलाफ है और इस्लामिक सिद्धातों का घोर उल्लंघन है. पाकिस्तान आतंकवाद के हर रूप के खिलाफ एकजुट है. यह बर्बरता हमें डरा नहीं पाएगी और चरमपंथियों को जरूर इसका अंजाम भुगतना होगा.’

पाकिस्तानी अखबार डॉन के अनुसार धमाके की खबर इस्लामाबाद के शहजाद टाउन इलाके में स्थित तरलाई इमामबाड़े से मिली है. घटना के बाद पूरे इलाके को सुरक्षा बलों ने घेर लिया है. पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंच गए हैं और बचाव अभियान शुरू कर दिया है.

राजधानी के पॉलीक्लिनिक, पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (PIMS) और सीडीए अस्पताल में इमरजेंसी लगा दी गई है. पीआईएमस के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर (ED) के निर्देश पर अस्पताल में इमरजेंसी लागू कर दी गई है. एक प्रवक्ता ने बताया कि मुख्य इमरजेंसी, ऑर्थोपेडिक, बर्न सेंटर और न्यूरोलॉजी डिपार्टमेंट को एक्टिव कर दिया गया है.

हम मीडिया हाउस ने इस्लामाबाद जिला प्रशासन के हवाले से बताया कि करीब 10 घायलों को पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में शिफ्ट किया गया है. घायलों को इलाज के लिए अलग-अलग अस्पतालों में ले जाया जा रहा है. अधिकारियों ने बताया कि बचाव अभियान और जांच जारी रहने के कारण धमाके वाली जगह के आसपास के इलाके को पूरी तरह से सील कर दिया गया है.

admin
Author: admin

और पढ़ें