सोशल मीडिया पर किसी बड़े नेता या सरकारी अधिकारी का वीडियो देखकर लोग अक्सर उसपर भरोसा कर लेते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि अब साइबर ठग लोगों के इसी भरोसे का फायदा उठायाकर लोगों को अपनी जालसाजी का शिकार बना रहे हैं? केरल के कोझिकोड में ऐसा ही एक मामला सामने आया है, जहां 63 साल के एक बुजुर्ग ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का फर्जी वीडियो देखकर ऑनलाइन निवेश करने का फैसला किया और अपनी जिंदगीभर की कमाई में से 1.41 करोड़ रुपए गंवा दिए.
पुलिस के मुताबिक, ठगों ने फेसबुक पर एक छेड़छाड़ किया हुआ वीडियो शेयर किया था, जिसमें निर्मला सीतारमण एक ऑनलाइन ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म का प्रचार करती और अच्छे मुनाफे का दावा करती नजर आ रही थीं. इस वीडियो को असली समझकर बुजुर्ग ने बताए गए लिंक पर क्लिक कर दिया और धीरे-धीरे अपनी जमा पूंजी गंवा दी.
क्या है पूरा मामला?
कोझिकोड ग्रामीण साइबर क्राइम पुलिस ने नादुवन्नूर के नोचाड निवासी अब्दुर्रहीमान पी की शिकायत पर मामला दर्ज किया है. पुलिस के मुताबिक, यह ठगी 6 जून 2025 से 4 नवंबर 2026 के बीच हुई. इस दौरान पीड़ित ने 30 अलग-अलग ट्रांजैक्शन के जरिए अपने दो बैंक खातों से कुल 1.41 करोड़ रुपए ट्रांसफर कर दिए. यह रकम उसके दो बैंक खातों से कई दूसरे खातों में भेजी गई.
ठगों ने निवेश पर अच्छे मुनाफे का भरोसा दिलाया था, लेकिन न तो उन्हें कोई रिटर्न मिला और न ही उनकी मूल रकम वापस की गई. शुरुआत में उन्हें पैसे लौटने की उम्मीद थी, इसलिए उन्होंने तुरंत शिकायत नहीं की. बाद में ठगी का एहसास होने पर उन्होंने पुलिस से संपर्क किया.
BNS और IT एक्ट के तहत केस दर्ज
कोझिकोड ग्रामीण साइबर क्राइम पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66D के तहत मामला दर्ज किया है. फिलहाल आरोपियों की पहचान नहीं हुई है. जांच अधिकारी उन बैंक खातों और फोन कॉल्स की जानकारी जुटा रहे हैं, जिनके जरिए पीड़ित से संपर्क किया गया था. पुलिस पैसों के लेन-देन की भी जांच कर रही है, ताकि ठगी में शामिल लोगों और कथित ऑनलाइन ट्रेडिंग नेटवर्क का पता लगाया जा सके.








