Search
Close this search box.

तमिलनाडु में छात्रों को मुफ्त मिलेगा लैपटॉप, CM विजय ने शुरू की नई योजना

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय ने कॉलेज के छात्रों के लिए मुफ्त लैपटॉप योजना लागू करने का आदेश दिया है. इस योजना का नाम ‘वेट्री लैपटॉप योजना’ रखा गया है. टीवीके सरकार ने इसके लिए 2,000 करोड़ रुपये का बजट भी आवंटित किया है. यह योजना वित्त वर्ष 2026-27 के बजट में घोषित की गई थी.

न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक विजय के नेतृत्व वाली टीवीके सरकार ने शनिवार (7 नवंबर) को बताया कि 2026-27 के बजट में घोषित इस मुफ्त लैपटॉप योजना को लागू करने के लिए मुख्यमंत्री के नेतृत्व में एक उच्च-स्तरीय समिति का गठन किया जाएगा. सरकार ने एक आधिकारिक विज्ञप्ति में बताया कि चिकित्सा, कृषि और कानून सहित कई पाठ्यक्रमों में सरकारी और राज्य-सहायता प्राप्त कॉलेजों में पढ़ने वाले स्नातक (UG) और डिप्लोमा स्तर के प्रथम और द्वितीय वर्ष के छात्रों को इस मुफ्त लैपटॉप योजना का लाभ मिलेगा.

किन-किन छात्रों को मिलेगा फायदा
वेट्री लैपटॉप योजना के दायरे में आर्ट, साइंस  इंजीनियरिंग, चिकित्सा, पशु चिकित्सा विज्ञान, कृषि, मत्स्य पालन और कानून जैसे पाठ्यक्रमों के छात्र आएंगे. इसके अलावा पॉलिटेक्निक और आईटीआई में पढ़ने वाले छात्रों को भी इसका फायदा दिया जाएगा.

इसके अलावा विजय सरकार ने उन छात्रों को भी योजना में शामिल करने का फैसला किया है, जिन्हें शैक्षणिक सत्र 2025-26 में मुफ्त लैपटॉप योजना का लाभ नहीं मिल पाया है. ऐसे छात्र जो सरकारी या सरकारी सहायता प्राप्त संस्थानों में व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के तीसरे या चौथे साल में पढ़ रहे हैं, उन्हें भी लैपटॉप दिए जाएंगे.

इंजीनियरिंग छात्रों के लिए विशेष सुविधा
तमिलनाडु सरकार ने इंजीनियरिंग के छात्रों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए उनके लिए एक खास व्यवस्था की है. इन छात्रों को Intel Core i5 प्रोसेसर या इसके जैसी क्षमता वाले लैपटॉप दिए जाएंगे. साथ ही बता दें कि लैपटॉप की खरीद और आपूर्ति की जिम्मेदारी सरकारी कंपनी ELCOT को सौंपी गई है. इसके लिए प्रशासनिक मंजूरी भी दे दी गई है. कंपनी को गुणवत्ता मानकों पर खरे उतरने वाले लैपटॉप खरीदने होंगे.

admin
Author: admin

और पढ़ें