दिल्ली के सबसे व्यस्त इलाके कनॉट प्लेस और जंतर-मंतर के पास हुए इस हंगामे में मंगलवार शाम को CJP प्रोटेस्ट के नाम पर पहुंचे प्रदर्शनकारियों ने जमकर बवाल काटा. इस दौरान भीड़ ने RAF के एक जवान को घेर लिया और उसके साथ बेरहमी से मारपीट की. मामला इतना बढ़ गया कि जवान की जान पर बन आई थी. गनीमत यह रही कि मौके पर मौजूद दूसरे RAF जवानों ने सूझबूझ दिखाकर अपने साथी को भीड़ के चंगुल से बाहर निकाला. अब इस पूरे मामले में दिल्ली पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए FIR दर्ज कर ली है.
इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए दिल्ली पुलिस ने अब तक 10 FIR दर्ज कर ली हैं और मामले की गहन जांच की जा रही है. मंगलवार शाम लगभग 8 बजे कनॉट प्लेस इलाके में स्थिति बेहद तनावपूर्ण हो गई. गनीमत यह रही कि मौके पर मौजूद RAF के दूसरे जवानों ने तत्परता दिखाते हुए किसी तरह अपने साथी को भीड़ के चंगुल से सुरक्षित बाहर निकाला. पीड़ित जवान की शिकायत के आधार पर पुलिस ने जानलेवा हमले की धारा में मामला दर्ज कर लिया है.
गाड़ियों पर पथराव और बैरिकेड्स में तोड़फोड़
सोशल मीडिया पर सामने आई वीडियो फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि प्रदर्शनकारी पुलिस बैरिकेड्स के पीछे से और उनके करीब आकर पथराव कर रहे हैं. प्रदर्शनकारियों ने न सिर्फ बैरिकेड्स तोड़े बल्कि वहां खड़ी RAF की गाड़ियों में भी जमकर तोड़फोड़ की. न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, दिल्ली पुलिस ने आम जनता और प्रदर्शनकारियों से शांति बनाए रखने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है. पुलिस का कहना है कि बार-बार चेतावनी देने के बावजूद प्रदर्शनकारियों ने धारा 144 और निषेधाज्ञा का उल्लंघन किया.
10 FIR दर्ज, साजिश की भी जांच
दिल्ली पुलिस ने इस हिंसा के सिलसिले में अब तक 10 FIR दर्ज की हैं. ये FIR पार्लियामेंट स्ट्रीट और कनॉट प्लेस पुलिस थानों में दर्ज की गई हैं. इनमें भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023, आर्म्स एक्ट और सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम की गंभीर धाराएं लगाई गई हैं. पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या यह हिंसा किसी पूर्व-नियोजित साजिश का हिस्सा थी. इसके अलावा नई दिल्ली इलाके में बिना अनुमति ड्रोन उड़ाने को लेकर भी एक अलग FIR दर्ज की गई है.
FIR का थाना-वार विवरण:
संसद मार्ग थाना – 4 FIR
सीपी थाना – 3 FIR
मंदिर मार्ग थाना – 1 FIR
बाराखंभा रोड थाना – 1 FIR
कर्तव्य पथ थाना – 1 FIR
पुलिस के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान हुई विभिन्न घटनाओं और कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में ये FIR दर्ज की गई हैं. मामलों की जांच जारी है.
250 से अधिक वीडियो फुटेज की जांच
सरकारी काम में बाधा डालने, पुलिस कर्मियों पर हमला करने और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले प्रदर्शनकारियों की पहचान के लिए पुलिस कड़ी मशक्कत कर रही है. दिल्ली पुलिस की टीमें घटना से जुड़े 250 से भी ज्यादा वीडियो खंगाल रही हैं. पुलिस अधिकारियों का स्पष्ट कहना है कि वीडियो फुटेज के आधार पर उपद्रव में शामिल प्रदर्शनकारियों की पहचान की जा रही है और कानून हाथ में लेने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा.








