पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार के आने के बाद से लगातार TMC पर जनता का गुस्सा फूटता हुआ देखा जा रहा है. अभिषेक बनर्जी से लेकर कई नेताओं पर अबतक लोगों ने अंडों से हमले किए हैं. इस कड़ी में अब महुआ मोइत्रा का नाम भी सामने आया है. उनपर कुछ लोगों ने अंडे फेंके हैं.
तृणमूल कांग्रेस (TMC) में कृष्णानगर की सांसद महुआ मोइत्रा पर बुधवार ( 1 जुलाई 2026) को अंडा फेंका गया. आरोप है कि पश्चिम बंगाल में जिस रेस्टोरेंट में वह पार्टी कार्यकर्ताओं से मिल रही थीं, वहां कुछ लोगों के समूह ने उन पर अंडे फेंक दिए.
महुआ मोइत्रा पर फेंके अंडे
इस घटना को दोनों पक्षों ने कैमरे में कैद कर लिया. कुछ समय बाद इसके 2 वीडियो सामने आए. एक वीडियो को विरोध प्रदर्शन करने वालों ने फिल्माया था, उसमें पुरुषों और महिलाओं का एक समूह भोजनालय के बाहर खड़ा होकर नारे लगाते हुए रेस्टोरेंट की ओर अंडे फेंकता हुआ दिखाई दे रहा है, जबकि बगल की सड़क पर सामान्य रूप से ट्रैफिक चल रहा है.
दूसरा वीडियो मोइत्रा ने खुद रेस्टोरेंट के अंदर से रिकॉर्ड किया था. फुटेज में दिखाया गया है कि अंडे खिड़कियों पर लग रहे हैं और महुआ मोइत्रा लोकल TMC लीडर्स और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठकर अपने मोबाइल फोन से घटना का वीडियो बना रही हैं.








