फीफा वर्ल्ड कप 2026 में एक के बाद एक रिकॉर्ड बनते नजर आ रहे हैं. अभी तक हम लियोनेल मेसी, किलियन एम्बाप्पे के रिकॉर्ड्स देख रहे थे, लेकिन इस बार मामला अलग है. वर्ल्ड कप में नया इतिहास बना है, लेकिन फैंस का मजा किरकिरा ही रहा. ग्रुप-I में फ्रांस और इराक के बीच ग्रुप I का मैच वैसा ही हुआ जैसा फुटबॉल फैंस को पूरे टूर्नामेंट के दौरान डर था. वर्ल्ड कप में मौसम की वजह से पहली बार खेल में गंभीर रुकावट आई, जिससे मैच दो घंटे से ज्यादा समय तक रुका रह.
अमेरिका में अधिकारियों द्वारा तय किए गए आंधी-तूफान और बिजली गिरने से जुड़े नियमों के कारण फिलाडेल्फिया में कुल 131 मिनट की देरी हुई. लिंकन फाइनेंशियल फील्ड पर आंधी-तूफान और बिजली गिरने के खतरे के कारण आयोजकों को सुरक्षा कारणों से खेल रोकना पड़ा. मुकाबले का रिजल्ट चार घंटे आया. जिससे यह इस खेल के इतिहास का अब तक का सबसे लंबा वर्ल्ड कप मैच बन गया.
हाफ टाइम के बाद मजा हुआ किरकिरा
स्थानीय समयानुसार मुकाबले में शाम 5:49 बजे हाफ-टाइम हुआ. उस समय तक फ्रांस की टीम 1-0 से आगे चल रही थी. लेकिन हाफ टाइम के बाद 15 मिनट का ब्रेक 2 घंटे की सस्पेंशन में बदला क्योंकि खेल 8 बजे तक शुरू नहीं हुआ. तूफान के साथ भारी बारिश, तेज हवाएं और बिजली गिरने का खतरा बना रहा, जिससे फैंस और खिलाड़ियों को सुरक्षित जगह पर जाना पड़ा.
4 घंटे बाद आया फैसला
मैच शुरू होने के लगभग चार घंटे बाद खत्म हुआ, जिसमें फ्रांस ने एमबाप्पे के दो गोल और ओस्मान डेम्बेले के एक गोल की बदौलत 3-0 से शानदार जीत हासिल की. मैच से पहले मुकाबले में देरी की उम्मीद थी. स्थानीय अधिकारियों द्वारा बनाए गए नियम काफी सख्त हैं. नियमों के अनुसार, अगर स्टेडियम के आठ मील के दायरे में गरज या बिजली गिरने का पता चलता है, तो खेल रोक दिया जाएगा.








