आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा सांसद और उत्तर प्रदेश प्रभारी संजय सिंह के साथ ए़डीएम की हुई नोकझोंक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. बीते सोमवार (01 जून, 2026) को संजय सिंह पेपर लीक विषय पर प्रयागराज स्थित सर्किट हाउस में प्रतियोगी छात्रों के साथ संवाद करने पहुंचे थे. इसी दौरान प्रशासनिक अधिकारी पहुंच गए और चर्चा को रोकने लगे. इस पर अब आरजेडी के सांसद सुधाकर सिंह की प्रतिक्रिया आई है.
आज मंगलवार (02 जून, 2026) को सुधाकर सिंह ने आप सांसद संजय सिंह के वीडियो को अपने एक्स हैंडल से शेयर कर यूपी प्रशासन और वहां की पुलिस से सवाल किया है. सुधाकर सिंह ने सरकार को भी घेरा है.
‘इस चर्चा से सरकार को क्या परेशानी?’
सुधार सिंह ने पोस्ट में लिखा है, “राज्यसभा सांसद संजय सिंह जी प्रयागराज के सर्किट हाउस में NEET पेपर लीक मामले पर चर्चा कर रहे थे, लेकिन उत्तर प्रदेश प्रशासन और पुलिस के अधिकारी उन्हें रोकने के लिए वहां पहुंच गए. सवाल यह है कि आखिर सरकार को इस चर्चा से क्या परेशानी है? देश के लाखों छात्रों के भविष्य से जुड़े गंभीर मामले पर संवाद और जवाबदेही से परहेज क्यों?”
सुधाकर सिंह ने कहा, “NEET पेपर लीक ने छात्रों और अभिभावकों का भरोसा तोड़ा है. ऐसे में सच सामने लाने और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग को दबाने की कोशिश क्यों की जा रही है?”
क्यों हुआ था विवाद?
सर्किट हाउस पहुंचे अधिकारियों का कहना था कि जो चर्चा हो रही है उसे तुरंत रोक दिया जाए. इस पर संजय सिंह भड़क गए और विवाद शुरू हो गया. उन्होंने अधिकारियों को जमकर खरी-खोटी सुनाई. कहा कि बंद कमरे में चल रही चर्चा के लिए कोई परमिशन नहीं ली जाती है. जिस परीक्षा पर हो रही चर्चा को आप रोकने के लिए आए हैं उसी परीक्षा को पास कर आप अधिकारी बने हैं. इस तरह और भी कुछ-कुछ बातें होती हैं.








