कर्नाटक में मुख्यमंत्री पद से सिद्धारमैया के इस्तीफे के बाद नई सरकार के गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है. डीके शिवकुमार के नेतृत्व में नई सरकार के गठन की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं. जानकारी के अनुसार, डीके शिवकुमार ने राज्यपाल थावरचंद गहलोत से मुलाकात कर ली है.
डीके शिवकुमार कैबिनेट में ये विधायक हो सकते हैं शामिल
सूत्रों के मुताबिक, नई सरकार में अनुभव और क्षेत्रीय संतुलन को ध्यान में रखते हुए कई वरिष्ठ नेताओं और कुछ नए चेहरों को जगह दी जा सकती है. संभावित मंत्रियों की सूची भी सामने आई है, जिसमें कांग्रेस के कई प्रमुख नेताओं के नाम शामिल हैं. नई कैबिनेट में यतींद्र सिद्धारमैया (सिद्धारमैया के बेटे और MLC), दिनेश गुंडू राव, लक्ष्मी हेब्बालकर, रामलिंगा रेड्डी, रिजवान अरशद, यू.टी. खादर, शरथ बाचेगौड़ा, ए.एस. पोन्नन्ना और बायराथी सुरेश को शामिल किया जा सकता है. इसके अलावा प्रियंक खरगे (कांग्रेस अध्यक्ष खरगे के बेटे), एम.बी. पाटिल, जी. परमेश्वर, कृष्णा बायरेगौड़ा, ईश्वर खंड्रे, के.जे. जॉर्ज, एच.सी. महादेवप्पा और संतोष लाड के नाम भी संभावित मंत्रियों की सूची में बताए जा रहे हैं.
आज शाम 4 बजे कांग्रेस विधायक दल की बैठक
कर्नाटक में आज शाम चार बजे कांग्रेस विधायक दल की बैठक होगी, जिसको लेकर सबकी निगाहें डीके शिवकुमार पर टिकी हुई हैं. डीके शिवकुमार ने शुक्रवार 29 मई को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात की थी और उनके पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया था. शुक्रवार को उन्होंने कहा था कि बैठक में कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) के नेता के चुनाव की प्रक्रिया को पूरा करना तत्काल प्राथमिकता है और अन्य मामलों पर इस प्रक्रिया के पूरा होने के बाद ही चर्चा की जाएगी.
सिद्धारमैया की अध्यक्षता में होगी मीटिंग
सिद्धारमैया के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफे के बाद कांग्रेस विधायक दल की बैठक बुलाई गई है. नव निर्वाचित सीएलपी नेता के मुख्यमंत्री पद के लिए पार्टी की ओर से उम्मीदवार बनने की उम्मीद है. वर्तमान विधायक दल के नेता के तौर पर सिद्धारमैया बैठक की अध्यक्षता करेंगे. कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डीके शिवकुमार, एआईसीसी महासचिव और कर्नाटक प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला, विधान परिषद के फ्लोर लीडर एनएस बोस राजू और पार्टी के सभी कार्यकारी अध्यक्ष बैठक में उपस्थित रहेंगे. यह घोषणा कांग्रेस विधायक और विधायक दल के सचिव अल्लामा प्रभु पाटिल ने की थी. सभी विधायकों, एमएलसी, लोकसभा सदस्यों और राज्यसभा सदस्यों को बैठक में शामिल होने के लिए कहा गया है.








