पश्चिम एशिया संकट के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लोगों से पेट्रोलियम उत्पादों का संयमित इस्तेमाल करने की अपील पर टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने तीखा हमला बोला है. महुआ मोइत्रा ने सरकार पर जिम्मेदारी जनता पर डालने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार अपनी नाकामी छिपाने की कोशिश कर रही है.
पीएम मोदी ने क्या कहा?
तेलंगाना में करीब 9,400 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं के उद्घाटन के दौरान रविवार को हैदराबाद में पीएम मोदी ने कहा कि आयातित पेट्रोलियम उत्पादों का इस्तेमाल जरूरत के हिसाब से करना समय की मांग है. उन्होंने कहा कि इससे विदेशी मुद्रा की बचत होगी और पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के असर को कम करने में मदद मिलेगी.
प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि भारत ने पिछले कुछ वर्षों में सौर ऊर्जा, एथनॉल मिश्रण, CNG और पाइपलाइन गैस आपूर्ति के क्षेत्र में तेजी से काम किया है, जिसकी वजह से देश वैश्विक ऊर्जा संकट का बेहतर तरीके से सामना कर पा रहा है.
महुआ मोइत्रा ने साधा निशाना
महुआ मोइत्रा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नागरिकों से विदेश यात्रा कम करने, सोना न खरीदने, तेल और ईंधन की खपत घटाने की बात कर रहे हैं, जबकि सरकार पश्चिम एशिया संकट पर चर्चा से बच रही है. उन्होंने तंज कसते हुए लिखा कि प्रधानमंत्री के काफिले में 100 गाड़ियां चलती हैं और बीजेपी के हर चुनाव प्रचार में दर्जनों हेलिकॉप्टर इस्तेमाल होते हैं. महुआ ने कहा, “सरकार विफल रही है, अब जिम्मेदारी जनता पर मत डालिए.”
ऊर्जा बचत पर सरकार का जोर
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि देश अब सिर्फ LPG कवरेज तक सीमित नहीं है, बल्कि पाइपलाइन गैस और CNG के इस्तेमाल को भी बढ़ावा दिया जा रहा है. उन्होंने कहा कि ऊर्जा के वैकल्पिक स्रोतों को मजबूत करके भारत वैश्विक संकट के असर को कम करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है.








