Search
Close this search box.

दिल्ली: करोल बाग इलाके में बड़ा हादसा, झंडेवालान मंदिर के पास पलटी डबल डेकर बस, 2 की मौत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

दिल्ली के करोल बाग इलाके में मंगलवार-बुधवार (24-25 मार्च) की दर्मियानी रात बड़ा हादसा हो गया. करोल बाग में झंडेवालान मंदिर के पास अचानक एक डबल डेकर बस पलट गई. बस में कई यात्री सवार थे जिन्हें गंभीर चोटें आई हैं, जबकि दो लोगों की दर्दनाक मौत की खबर है.

हादसा देर रात करीब 1.10 के करीब का बताया जा रहा है. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बस का संतुलन अचानक बिगड़ा और वह पलट गई. दमकल विभाग के मुताबिक, यह बस राजस्थान से आ रही थी. उन्हें कॉल रात 1 बजकर 10 मिनट पर मिली. इस बस में तकरीबन 25 यात्री सवार थे, जिनमें से ज्यादातर घायल हैं और उनका इलाज पास के अस्पताल में चल रहा है. 2 लोगों की मौत की जानकारी मिली है. पुलिस आगे की जांच कर रही है.

चकनाचूर हुईं बस की खिड़कियां 

हादसे के बाद घटनास्थल का दृश्य भयावह था. सड़क पर कांच के टुकड़े बिखरे पड़े थे. यात्रियों के सामान, जूते-चप्पल, खाने पीने की चीजें जमीन पर पड़े थे. बस का फ्रंट मिरर चकनाचूर हो चुका था.

हाई स्पीड में बस होने का दावा 

वहां देर रात मौजूद एक ऑटो चालक ने जानकारी दी है कि बस की स्पीड बहुत ज्यादा थी. गोल चक्कर आने से पहले बस 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से जा रही थी. इसके बाद आगे जाकर अनियंत्रित होकर पलट गई. यात्री खुद को बचाने के लिए खिड़कियों से कूद रहे थे. उनके शरीर से खून बह रहा था. पुलिस को सूचित किया गया और उनके आने से पहले से ही लोगों को बचाने की कोशिश की जाने लगी.

JCB के सहारे रस्सी डालकर लोगों को निकाला 

एक और ऑटो चालक दीपक ने बताया कि देर रात 1-1.30 बजे यह हादसा हुआ. उन्हें लगता है कि ड्राइवर को नींद आ गई होगी क्योंकि सड़क पर कोई रुकावट नहीं थी. हादसे के बाद बस के पीछे एक बच्चा फंस गया था, उसे निकाला. एक महिला भी फंसी हुई थी, उसे बचाया. वहां एक जेसीबी खड़ी थी, उसका सहारा लेकर रस्सियां डालकर लोगों को बस से बाहर निकाला. तब तक पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और रेस्क्यू ऑपरेशन में जुट गई.

admin
Author: admin

और पढ़ें