गणतंत्र दिवस से पहले खालिस्तानी और बांग्लादेश स्थित आतंकी संगठनों से संभावित खतरे को लेकर इंटेलिजेंस एजेंसियों ने अलर्ट जारी किया है. चेतावनी के बाद दिल्ली समेत देश के कई प्रमुख शहरों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. इंटेलिजेंस सूत्रों के मुताबिक, 26 जनवरी के आसपास खालिस्तानी आतंकी संगठन और बांग्लादेश आधारित आतंकी नेटवर्क देश में आतंकी वारदात को अंजाम देने की कोशिश कर सकते हैं. इनपुट में कहा गया है कि दिल्ली के साथ-साथ अन्य बड़े शहर भी संभावित तौर पर आतंकियों के निशाने पर हैं.
सूत्रों ने बताया कि विदेशों से संचालित खालिस्तानी और कट्टरपंथी हैंडलर पंजाब के गैंगस्टरों का इस्तेमाल ‘फुट सोल्जर’ के तौर पर कर रहे हैं. ये हैंडलर अपने एजेंडे को आगे बढ़ाने और देश की आंतरिक सुरक्षा को कमजोर करने के लिए स्थानीय आपराधिक नेटवर्क का सहारा ले रहे हैं.
दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में सक्रिय है आतंकी तत्व
अलर्ट में यह भी संकेत दिया गया है कि ऐसे गैंगस्टर हरियाणा, दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में सक्रिय हैं और धीरे-धीरे खालिस्तानी आतंकी तत्वों के साथ ऑपरेशनल लिंक स्थापित कर रहे हैं. सुरक्षा एजेंसियां इन गतिविधियों पर करीबी नजर बनाए हुए हैं. गणतंत्र दिवस समारोह को देखते हुए राजधानी दिल्ली सहित संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती, कड़ी निगरानी और सघन जांच अभियान चलाए जा रहे हैं. सुरक्षा एजेंसियों ने किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए हैं.









