Search
Close this search box.

‘ये लड़ाई अभी खत्म नहीं हुई है…’ बीएमसी की हार पर आई ठाकरे ब्रदर्स की पहली प्रतिक्रिया

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महाराष्ट्र नगर निगम चुनावों के नतीजों के बाद महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के प्रमुख राज ठाकरे ने अपने पार्टी कार्यकर्ताओं को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X संदेश दिया. राज ठाकरे ने उन्हें बधाई दी और आगामी रणनीति पर जोर दिया. ठाकरे ने कहा कि इस बार का चुनाव आसान नहीं था और यह शिवसेना के खिलाफ भारी वित्त और सत्ता के दबाव वाली लड़ाई थी. बावजूद इसके, पार्टी के सभी चुने हुए कॉर्पोरेटर्स और कार्यकर्ताओं ने शानदार मुकाबला किया, जिसके लिए उन्हें उनकी मेहनत और प्रतिबद्धता के लिए सराहा जाना चाहिए.

हमारे प्रतिनिधि मराठी लोगों के हितों की रक्षा करेंगे: राज ठाकरे 

ठाकरे ने स्वीकार किया कि MNS को इस चुनाव में उम्मीद के मुताबिक सफलता नहीं मिली, लेकिन यह हार हिम्मत हारने का कारण नहीं बन सकती. उन्होंने कहा कि पार्टी के चुने हुए प्रतिनिधि मराठी लोगों के हितों की रक्षा करेंगे और यदि कोई उनके अधिकारों या मराठी पहचान के खिलाफ कदम उठाता है तो उन्हें सबक सिखाया जाएगा. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनकी लड़ाई मराठी लोगों, मराठी भाषा, मराठी संस्कृति और एक खुशहाल महाराष्ट्र के लिए है.

ठाकरे ने कहा कि ऐसी लड़ाइयां लंबी चलती हैं और जीत के लिए लगातार मेहनत, विश्लेषण और रणनीति की जरूरत होती है. उन्होंने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए कि वे चुनाव के अनुभवों का गहराई से विश्लेषण करें. यह देखें कि क्या गलत हुआ, कहां कमी रह गई और आगे क्या किया जाना चाहिए. राज ठाकरे ने अपने संबोधन में पार्टी और संगठन को मजबूत करने पर भी जोर दिया. उन्होंने कहा कि मराठी लोगों के हितों और सम्मान के लिए हर स्तर पर सतर्क और संगठित रहना होगा. उनका संदेश स्पष्ट था कि चुनाव आते और जाते रहेंगे, लेकिन हमारी सांस मराठी है.

संदेश के अंत में ठाकरे ने कार्यकर्ताओं को सक्रिय रहकर अपने संगठन और पार्टी को नए सिरे से सुदृढ़ बनाने के लिए प्रेरित किया. राज ठाकरे ने कहा कि जल्द मिलते हैं. चलो काम पर वापस चलते हैं. चलो अपनी पार्टी और ऑर्गनाइजेशन को नए सिरे से बनाते हैं.

BMC चुनाव में मिली हार पर आई शिवसेना (UBT) की प्रतिक्रिया

इस बीच, बीएमसी चुनाव नतीजों के बाद शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) ने अपनी पहली औपचारिक प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि महाराष्ट्र की राजनीतिक लड़ाई अभी समाप्त नहीं हुई है. पार्टी ने संकेत दिया कि मराठी समुदाय को उसका अधिकार और सम्मान दिलाने तक यह संघर्ष जारी रहेगा.

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा किए गए संदेश में शिवसेना (यूबीटी) ने कहा कि यह लड़ाई अभी खत्म नहीं हुई है. यह तब तक जारी रहेगी, जब तक मराठी व्यक्ति को वह सम्मान नहीं मिल जाता, जिसका वह हकदार है. पार्टी के इस बयान को बीएमसी में सत्ता गंवाने के बावजूद आक्रामक राजनीतिक रुख के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है.

admin
Author: admin

और पढ़ें