Search
Close this search box.

बेगूसराय पहुंचे राहुल गांधी, ‘पलायन रोको, नौकरी दो’ यात्रा में हुए शामिल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बेगूसराय, 7 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार में विधानसभा चुनाव के भले ही अक्टूबर-नवंबर में होने की संभावना है, लेकिन कांग्रेस ने अभी से ही अपनी खोई जमीन की तलाश शुरू कर दी है। कांग्रेस सांसद और पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी लगातार बिहार दौरे पर आ रहे हैं। सोमवार को भी वह बिहार पहुंचे और बेगूसराय में पलायन रोको नौकरी दो यात्रा में हिस्सा ले रहे हैं।

बेगूसराय में राहुल गांधी के पहुंचने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ गया है। पदयात्रा में राहुल गांधी के साथ हजारों कांग्रेस नेता, कार्यकर्ता और समर्थक चल रहे हैं। समर्थक राहुल गांधी के ऊपर फूलों की बारिश करते नजर आ रहे हैं। राहुल गांधी की अपील पर कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सफेद टी-शर्ट पहनकर पदयात्रा में भाग लिया।

बेगूसराय के आईटीआई मैदान से पलायन रोको रोजगार दो पदयात्रा शुरू की गई। मौके पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भी भीड़ नजर आ रही है। इधर, कांग्रेस पार्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, नेता विपक्ष राहुल गांधी ने आज पलायन रोको, नौकरी दो यात्रा में कदमताल कर यात्रा के संदेश को मजबूती के साथ बुलंद किया। बिहार के युवाओं को पलायन नहीं, उन्हें खुद के प्रदेश में रोजगार मिले- ये हमारी यात्रा का लक्ष्य है। ये यात्रा बिहार के संघर्ष की आवाज और उम्मीद है। हम वर्षों से अन्याय झेल रहे राज्य के नौजवानों को न्याय का हक दिलाकर रहेंगे।

कांग्रेस ने एक अन्य पोस्ट में लिखा, पलायन रोको-नौकरी दो यात्रा में हम बिहार के युवाओं की हुंकार लिए आगे बढ़ रहे हैं। बेरोजगारी, महंगाई, पेपर लीक और पलायन के खिलाफ हमारी ये लड़ाई, युवाओं को न्याय दिलाने तक जारी रहेगी।

इस साल बिहार में विधानसभा चुनाव होने वाला है। इस बार कांग्रेस भी अपनी सियासी जमीन मजबूत बनाने की कोशिश में जुटी हुई है। पार्टी की इस मुहिम में कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी सक्रिय दिख रहे हैं। वह हाल के दिनों में तीसरी बार बिहार के दौरे पर पहुंचे हैं।

बिहार के कांग्रेस नेताओं के साथ हाल में हुई बैठक के बाद राहुल गांधी की इस यात्रा को सियासी नजरिए से काफी अहम माना जा रहा है। राहुल गांधी सोमवार को पटना के श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में संविधान संरक्षण सम्मेलन में भी भाग लेंगे। सम्मेलन के बाद गांधी सदाकत आश्रम में कांग्रेस नेताओं से बैठक करेंगे और शाम को दिल्ली वापस लौटेंगे।

admin
Author: admin

और पढ़ें