हरियाणा के कुरुक्षेत्र में चल रहे 1008 कुंडिया महायज्ञ में गोली चलने से अफरा-तफरी मच गई. यज्ञ करने वाले ब्राह्मणों में आपस में हुई किसी तकरार को लेकर गोली और लाठी चली. इसमें दो युवक घायल हो गए हैं. गोली लगने से घायल होने वाले का नाम आशीष है जो उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ का रहने वाला है. उसकी जांघ में गोली लगी है.
वहीं दूसरा युवक प्रिंस है, जिसके सिर पर पत्थर लगा है जो लखीमपुर खीरी का रहने वाला बताया गया है. यह सभी ब्राह्मण अलग-अलग राज्य से बुलाए गए थे, जो यज्ञ कर रहे थे. यज्ञ करवाने आए ब्राह्मणों पर लाठियां भांजी गईं और बाबा के बाउंसर ने गोलियां चलाईं.
विवाद की वजह क्या है?
कुरुक्षेत्र में फायरिंग की यह घटना केशव पार्क की है. दरअसल, शनिवार (22 मार्च) को सुबह साढ़े 9 बजे महायज्ञ में आए ब्राह्मणों को बासी खाना दिए जाने के मसले पर विवाद की शुरुआत हुई. विवाद बढ़ने पर यज्ञ आयोजक ने अपने सुरक्षाकर्मियों से पंडितों की जम कर कुटाई करवाई और गोली भी चलवा दी.
फायरिंग की इस घटना में लखनऊ से आए आशीष तिवारी को गोली लग गई. हमले के बाद गुस्साएं ब्राह्मणों ने थीम पार्क के सामने सड़क पर जाम लगा दिया और जमकर पथराव किया.
