india

महाशिवरात्रि 2022: त्रिपुरारी की जय-जयकार से गूंज उठी मुरारी की नगरी मथुरा, देखें आस्था की तस्वीरें

महाशिवरात्रि पर कृष्ण मुरारी की नगरी मथुरा त्रिपुरारी की जय-जयकार से गूंज उठी। मंगलवार की सुबह से ही शिव मंदिरों में जलाभिषेक करने के लिए भगवान भोलेनाथ के भक्तों की कतारें लग गईं। भक्तों ने शिव दरबार में फल, मेवा, बेलपत्र और भांग-धतूरा का भोग लगाया। सैकड़ों कांवड़िया गंगाजल लेकर मंदिरों में पहुंचे और भगवान शिव का जलाभिषेक किया। भक्त व्रत रखकर भोलेनाथ की आराधना कर रहे हैं।

मथुरा शहर के कोतवाल भूतेश्वर महादेव मंदिर, रंगेश्वर महादेव मंदिर, गोकरणनाथ मंदिर, गर्तेश्वर महादेव मंदिर, पिपलेश्वर महादेव मंदिर, चिंताहरण महादेव आदि शिवालयों में सुबह ही जलाभिषेक और पूजा-अर्चना का क्रम शुरू हो गया। शिव मंदिरों को फूल बंगले और गुब्बारों से सजाया गया है। वृंदावन के गोपेश्वर महादेव मंदिर में तड़के ही भक्तों की इतनी भीड़ उमड़ी कि व्यवस्थाएं ध्वस्त हो गईं। वहां कतार में लगे कांवड़ियों पर एक पुलिसकर्मी ने लाठी चला दी। जिससे रोष फैल गया।

रामघाट, कछला, लहराघाट आदि स्थानों से कांवड़ में गंगाजल लेकर आए शिवभक्तों ने भोलेनाथ जलाभिषेक किया। मंदिरों में जलाभिषेक का यह क्रम लगातार जारी है। बम-बम भोले के जयकारों से शिवालय गुंजायमान हो रहे हैं। महाशिवरात्रि पर शिव मंदिरों में जेहर भी चढ़ाई गई। नवविवाहित महिलाओं ने भगवान शिव को जल चढ़ाकर मनौती मांगी।

Related Articles

Back to top button